सब्जी बेचने वाली महिला को बीजेपी नेता ने जमकर पीटा, तीन महीने पहले तोड़वा दी थी उसकी गोमती

सीधी/मध्य प्रदेश। सीधी जिले की बहरी थाना में मारपीट का मामला सामने आया है। थाने से महज 100 मीटर दूर बस स्टैंड के पास बीजेपी नेता संतोष पाठक ने एक महिला को गोमती के विवाद को लेकर जमकर पीटा। पुलिस ने महिला की शिकायत पर भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जानकारी के मुताबिक हेमा सिंह भनवार गांव की रहने वाली है। वह हनुमना मोड़ के पास एक गोमती रखकर सब्जी की दुकान चलती थी। बीजेपी नेता संतोष पाठक ने तीन माह पूर्व तोड़फोड़ करके हटा दिया था और अपनी दुकान रखकर किराया से दे रखा था। बाद में वह ठेला लगाकर सब्जी की दुकान चलाने लगी लेकिन उसके ठेले को भी गायब कर दिया गया।
ठेला गायब होने के बाद भी जब वह बैठकर दुकान लगाने पहुंची तो आरोपी ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिस जमीन को लेकर यह विवाद है बताया जा रहा है कि वह सरकारी जमीन है। संतोष पाठक को क्षेत्रीय भाजपा विधायक विश्वामित्र पाठक का करीबी बताया जा रहा है। बहरी पुलिस ने महिला की शिकायत पर सामान्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले को लेकर पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने इस घटना की निंदा करते हुए बहरी थाना में पदस्थ थाना प्रभारी के कर प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 15 सालों से पीड़िता का पति यहां गोमती रखकर अपना जीवकोपार्जन कर रहा था। अब आरोपी संतोष पाठक ने 3 महीने पहले उसकी गोमती तोड़कर अपनी खुद की गोमती रखवा दी है। उन्होंने कहा कि पीड़िता अधिकारियों चक्कर लगाकर थक गई लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी जिस कारण से आरोपी ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। इस मामले को लेकर पुलिस की निष्क्रियता सामने आई है क्योंकि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी सफाई दी है। पीड़ित महिला न्याय के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के चक्कर लगा रही।




