द्वारका पुलिस ने मध्य प्रदेश से लाखों के जेवरात चुराने वाली घरेलू सहायिका को दबोचा

पश्चिमी दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस की सेक्टर-23 थाने की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक ऐसी घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है, जो अपने मालिक के घर से लाखों के जेवरात पर हाथ साफ करके मध्य प्रदेश फरार हो गई थी। पुलिस ने आरोपित महिला के पास से चोरी किए गए सोने के कंगन, हीरे की बालियां और कीमती नेकलेस सहित भारी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 22 जनवरी को शिकायतकर्ता जाय भाटिया ने अपने घर में सोने के गहनों की चोरी की सूचना दी थी। इस संबंध में सेक्टर-23 थाने में बीएनएस की धारा 305 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने अपनी नौकरानी लक्ष्मी रानी बंसल पर शक जताया, जो वारदात के तुरंत बाद से ही अपने किराए के मकान से गायब थी।
पुलिस टीम ने जब आरोपित महिला के कॉल डिटेल रिकार्ड का विश्लेषण किया, तो पता चला कि वह दिल्ली छोड़कर मध्य प्रदेश के दमोह जिले में स्थित अपने गांव बकानी भाग गई है। इसके बाद एसीपी और एसएचओ सेक्टर-23 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना और स्थानीय पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस की टीम ने मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया गांव में दबिश दी।
पुलिस को देखते ही आरोपित महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपित लक्ष्मी रानी बंसल के पास से चुराए हुए 02 सोने के कंगन, 01 जोड़ी सोने की बालियां और 01 जोड़ी हीरे की बालियां, 01 सोने का पेंडेंट (कान की बालियों के साथ), 01 सोने का हार (मैचिंग बालियों के साथ) बरामद की।
डीसीपी ने बताया कि द्वारका पुलिस की इस टीम ने दूसरे राज्य में जाकर न केवल आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, बल्कि शत-प्रतिशत रिकवरी भी सुनिश्चित की। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि इस वारदात को अंजाम देने में और कोई तो उसके साथ नहीं था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button