बर्फीली हवाओं के बावजूद वैष्णो देवी यात्रा जारी, माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे श्रद्धालु

जम्मू/एजेंसी। जम्मू में कड़ाके की ठंड के बावजूद माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। माता वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा के साथ ही खाने-पीने और चिकित्सा के उचित इंतजाम किए गए हैं।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा मां वैष्णो देवी भवन परिसर के साथ ही सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, ताकि भीषण ठंड से श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिल सके। श्रद्धालुओं को बैटरी कार सेवा, रोपवे सेवा, घोड़ा, पिट्टू और पालकी सेवाएं बिना किसी परेशानी के लगातार उपलब्ध रहीं।
श्रद्धालु इन सेवाओं का लाभ उठाते हुए निरंतर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना होते रहे। हालांकि, बर्फीली हवाओं के कारण कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा दिन में अधिकांश समय स्थगित रही। जम्मू के मौसम की बात करें तो रविवार को दिनभर कोहरे का प्रकोप देखने को मिला। आसमान पर अधिकांश समय बादलों का जमघट लगा रहा। दूसरी ओर त्रिकूट पर्वत पर भी बर्फीली धुंध देखने को मिली। लगातार चल रही बर्फीली हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बन रहा है।
श्रद्धालु परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के जयकारे लगाते हुए पूरे श्रद्धा के साथ यात्रा कर रहे हैं। वर्तमान में मां वैष्णो देवी भवन परिसर, यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालुओं की चहल-पहल लगातार बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, बीते 3 जनवरी को 28800 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी की यात्रा की थी। वहीं चार जनवरी यानी कि रविवार शाम 5:00 बजे तक करीब 19500 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का लगातार आना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button