आगरा में बीजेपी नेता के यौन शोषण से परेशान सातवीं कक्षा की छात्रा ने की खुदकुशी

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। आगरा जिले के थाना खंदौली क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम सातवीं कक्षा की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इस मामले में बीजेपी नेता पर आरोप है कि उसने लड़की का शारीरिक और मानसिक शोषण किया था। मृतका आरोपी की बेटी की सहेली थी, जिसे आरोपी ने जाल में फंसा लिया था। लगातार हुए उत्पीड़न से आहत होकर किशोरी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

किशोरी गांव के एक स्कूल में पढ़ती थी। उसके साथ गांव के रहने वाले राघवेंद्र सिंह चौहान की बेटी भी पढ़ती थी। राघवेंद्र सिंह चौहान बीजेपी नेता है। दोनों छात्राओं के बीच गहरी दोस्ती थी। यही वजह थी कि दोनों एक-दूसरे के घर आते-जाते रहते थे। रविवार शाम करीब 7 बजे किशोरी ने घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। इस दौरान उसके माता-पिता खेत पर गए थे और किशोरी का 8 साल का भाई घर में मौजूद था।
किशोरी को फंदे पर झूलता देख ग्रामीणों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोरी के पिता ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उन्होंने पढ़ाई के लिए बेटी को मोबाइल दिया था। पुलिस ने जब कॉल डिटेल खंगाली तो उसमें एक नंबर पर छात्रा से लंबी बातचीत होती थी। जब पुलिस ने पड़ताल की तो यह नंबर किशोरी की सहेली के पिता बीजेपी नेता राघवेंद्र सिंह चौहान का निकला। किशोरी उसे अंकल कहती थी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी छात्रा के घर आया करता था। थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्र का कहना है कि इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि दंपती ने अपने रिश्तेदार से किशोरी को बचपन में गोद लिया था, तभी से उसका लालन- पोषण कर रहे थे। उसकी हर चीज का ख्याल रखते थे। मोबाइल पर बात करने पर कई बार उसे टोका था। छात्रा की मौत से दंपती सदमे में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button