‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ का दमदार पोस्टर जारी, 4 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज़

एंटरटेनमेंट डेस्क/मुंबई। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्ज़ापुर’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ की रिलीज़ को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मेकर्स ने टीज़र रिलीज़ से एक दिन पहले फिल्म का नया और दमदार पोस्टर जारी किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
जारी किए गए पोस्टर में मिर्ज़ापुर की सत्ता का प्रतीक ‘गद्दी’ केंद्र में दिखाई दे रही है, जिसके दोनों ओर बड़ी संख्या में हथियार सजाए गए हैं। यह दृश्य सीरीज की पहचान बन चुकी सत्ता की लड़ाई, वफादारी के बदलते समीकरण और हिंसक संघर्षों की झलक पेश करता है। हालांकि, फिल्म की कहानी को अभी गोपनीय रखा गया है, लेकिन पोस्टर ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि बड़े पर्दे पर संघर्ष और भी तीखा होने वाला है।
फिल्म में कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर नजर आएंगे। इसके अलावा, गुड्डू भैया के किरदार में अली फजल और मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु भी वापसी कर रहे हैं। फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंग्शा बिस्वास भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म के निर्माण को लेकर पंकज त्रिपाठी ने पहले बताया था कि 2024 में घोषणा के तुरंत बाद ही मेकर्स ने स्क्रिप्ट पर काम शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म का निर्माण तभी शुरू होना चाहिए, जब कहानी पूरी तरह परिपक्व और संतोषजनक हो। उन्होंने चाय बनाने की प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए कहा कि “चाय जब पूरी तरह खौल जाती है, तभी उसे छाना जाता है,” ठीक उसी तरह फिल्म की कहानी भी पूरी तरह तैयार होने के बाद ही प्रोडक्शन आगे बढ़ाया गया।
‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा किया गया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। दर्शकों में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।





