गाजियाबाद में क्राइम ब्रांच और औषधि विभाग ने संयुक्त रूप से छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सीरप किया बरामद

गिरोह के 08 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार,मौके से चार ट्रक माल, चार गाड़ियां और 20 लाख रुपये नकद बरामद

गाजियाबाद। औषधि विभाग और क्राइम ब्रांच ने सोमवार रात मेरठ रोड के पास घूकना में एक गोदाम में छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सीरप बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मौके से करीब चार ट्रक माल बरामद किया गया है। सात आरोपित हिरासत में लिए गए हैं। देर रात तक बरामद माल की गिनती में औषधि विभाग और पुलिस की टीम जुटी हुई थी।
सोनभद्र पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को सूचना देकर बताया कि उनके यहां करीब चार करोड़ रुपए की प्रतिबंधित कफ सीरप फैंसीडरिल बरामद किया गया है। यह माल गाजियाबाद से लाया गया था और बांग्लादेश भेजा जाना था। इस जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने सोमवार को घूकना मोड़ के पास बने गोदाम में छापा मारा। मौके पर गोदाम के बाहर ही चार मिनी ट्रक खड़े मिले। जांच में इन ट्रकों में ऊपर सड़े हुए चावल और चूने की बोरियों के नीचे कफ सीरप की शीशियां लदी हुई पाई गईं।
पुलिस ने मौके से सात लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। मौके से 10 लाख रुपए से ज्यादा नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि कफ सीरप बाहर से गाजियाबाद लाकर अन्य प्रदेशों को भेजा जाता था या गाजियाबाद में ही बनाकर तस्करी कर बाहर भेजा जा रहा था इसकी जांच की जा रही है। आरोपितों से पूछताछ में इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
झारखंड पुलिस ने रांची और सोनभद्र पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सीरप बरामद किया है। दोनों ही मामलों में सीरप गाजियाबाद से भेजा जाना पाया गया। इसके बाद रांची और सोनभद्र पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। औषधि विभाग की टीम ने बरामद सीरप का नमूना लेकर जांच को भेजा है। जांच रिपोर्ट से पता चल पाएगा कि सीरप नकली हैं या टैक्स चोरी कर माल गाजियाबाद से बाहर भेजा जा रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button