नोएडा में कार चला रहे बुजुर्ग डॉक्टर को आया हार्ट अटैक, बेकाबू हो बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत

नोएडा। नोएडा सेक्टर-76 में शनिवार देर रात बाजार के बीच एक कार बेकाबू हो गई। 2-3 गाड़ियों को टक्कर मारती हुई कुछ देर आगे जाकर रुक गई। हादसे में घायल एक महिला की अस्पताल में मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने सेक्टर-113 थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, कार 72 साल के होमियोपैथिक डॉक्टर चला रहे थे। इस दौरान उनको हार्ट अटैक आया और कार अनियंत्रित हो गई। डॉक्टर को भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
महाराष्ट्र निवासी रविंद्र हरिदास भोसले ने बताया कि वह परिवार संग सेक्टर-76 में किराये पर रहते हैं। शनिवार रात काम खत्म कर वह अपनी पत्नी के साथ घर जा रहे थे। स्काईटेक मेट्रोट सोसायटी के सामने रोड क्रॉस करने के लिए खड़े थे। तभी अचानक दिल्ली नंबर की कार अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आई और उनकी पत्नी सुवर्णा (25) को टक्कर मारकर सड़क किनारे रुक गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार उनके सीने और शरीर के अन्य हिस्से पर चढ़ गई थी। पुलिस ने बताया कि कार चालक की पहचान डॉ. असगर नकवी (72) के रूप में हुई है। वह सेक्टर-77 में अंतरिक्ष फॉरेस्ट सोसायटी में और महिला को परिवार संग रहते हैं।
रविंद्र की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। साथ ही कार को कब्जे में ले लिया गया। डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार सीनियर सिटिजन डॉक्टर चला रहे थे। हार्ट अटैक आने से हादसा हुआ है।




