ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो को पहनना होगा इलेक्ट्रॉनिक निगरानी यंत्र, सुप्रीम कोर्ट का आदेश

Former Brazilian President Jair Bolsonaro will have to wear an electronic surveillance device, Supreme Court orders

साओ पाउलो। ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो को ‘इलेक्ट्रॉनिक निगरानी यंत्र’ पहनने का आदेश दिया है। यह आदेश तब आया, जब पुलिस ने ब्रासीलिया में बोल्सोनारो के घर और उनके पार्टी मुख्यालय पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर की गई। स्थानीय मीडिया ने बताया कि उनके सोशल मीडिया इस्तेमाल करने और जांच के दायरे में शामिल कुछ अन्य व्यक्तियों से संपर्क करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें उनके पुत्र एडुआर्डो बोल्सोनारो भी शामिल हैं। एडुआर्डो फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं और उनके ट्रंप के साथ नजदीकी संबंध हैं। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने ब्रासीलिया में दो जगहों पर तलाशी ली और चीजें जब्त कीं। पुलिस ने गिरफ्तारी के अलावा कई अन्य कदम उठाए हैं। हालांकि, बयान में किसी का नाम नहीं लिया गया। स्थानीय मीडिया कवरेज में दिखाया गया कि ब्रासीलिया में बोल्सोनारो के आवास के बाहर पुलिस के वाहन खड़े हैं।
बोल्सोनारो पर आरोप है कि उन्होंने 2022 के चुनाव नतीजों को पलटने (सरकार गिराने) की साजिश रची थी। अब वह सुप्रीम कोर्ट में इस मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। 2022 के चुनाव में बोल्सोनारो हार गए थे और उनकी जगह वामपंथी नेता लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बने थे। बोल्सोनारो पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव हारने के बाद लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की।
निचले सदन में बोल्सोनारो की पार्टी के नेता सोस्टेनेस सिल्वा कैवलकैंटे ने एपी को बताया कि पुलिस ने पार्टी मुख्यालय में भी छापेमारी की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल बोल्सोनारो के खिलाफ नहीं, बल्कि सारे दक्षिणपंथी नेताओं के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने इसे राष्ट्रवादियों और दक्षिणपंथियों को दबाने की एक नई साजिश बताया। बोल्सोनारो के वकील ने अभी तक इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
ब्राजील के मुख्य सरकारी वकील पाउलो गोनेट ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि इस बात के स्पष्ट सबूत हैं कि बोल्सोनारो ने राष्ट्रपति रहते हुए और चुनाव हारने के बाद भी जानबूझकर ऐसी हरकतें कीं, जिससे देश का लोकतंत्र कमजोर हो जाए और विद्रोह भड़क जाए। दूसरी ओर, बोल्सोनारो ने इस मुकदमे को ‘विच-हंट’ (झूठे आरोप लगाकर परेशान करना) कहा। यह वही शब्द है जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बोल्सोनारो का बचाव करते हुए इस्तेमाल किया था। पिछले हफ्ते ट्रंप ने ब्राजील पर 50 फीसदी आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया, जिसे उन्होंने सीधे बोल्सोनारो के मुकदमे से जोड़कर बताया। दोनों के 2020 में सत्ता में रहने के दौरान ट्रंप ने बोल्सोनारो को मार-ए-लागो रेस्तरां में भी आमंत्रित किया था। मंगलवार को व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने फिर कहा कि यह मुकदमा विच हंट ही है।
इलेक्ट्रॉनिक निगरानी यंत्र किसी व्यक्ति के पैर के टखने (एड़ी) पर बांधा जाता है। यह इस तरह का उपकरण होता है जो यह बताता है कि वह व्यक्ति कहां है और कहीं तय इलाके से बाहर तो नहीं जा रहा। जैसे अगर कोर्ट ने किसी आरोपी को घर में रहने का आदेश दिया हो, तो उसे यह इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पहनाया जाता है, ताकि पुलिस उसे ट्रैक कर सके कि वह बाहर तो न जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button