मधुबन बापूधाम थाने में तैनात सिपाही सुहैल खान ने मंदिर में बनाई वीडियो, स्टेटस लगाया- आल्हा के अलावा कोई इबादत लायक नहीं,डीसीपी ने किया लाइन हाजिर

गाजियाबाद। तीन वर्षों से यूपी के गाजियाबाद स्थित मधुबन बापूधाम थाने में तैनात सिपाही सुहैल खान ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली वीडियो अपने एकाउंट्स से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डालकर वायरल कर दी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिसकर्मी सुहैल खान को लाइन हाजिर कर दिया है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि मूल रूप से जनपद बुलंदशहर का रहने वाला सिपाही मधुबन बापूधाम थाने में वर्ष 2022 से तैनात है। जन्माष्टमी के दौरान कविनगर थाना क्षेत्र स्थित इस्कॉन मंदिर में पूजा पाठ के दौरान सिपाही सादी वर्दी में पहुंचा। जहां सिपाही सुहैल खान ने मंदिर और भगवान श्रीकृष्ण की वीडियो बनाई और फोटो भी मोबाइल से खीचें।
वायरल वीडियो में मंदिर परिसर में कान्हा जी की मूर्ति के आगे खड़े होकर खींची गई वीडियो वायरल की गई है। वीडियो में फोटो इस्कॉन मंदिर और भगवान श्री कृष्ण की दिखाई पड़ रही है, जबकि उसकी बैकग्राउंड में एक हाजी की तकरीर देते आवाज सुनाई दे रही है।
वायरल वीडियो में हाजी तकरीर देते हुए कहते हैं कि अल्लाह के सिवाए कोई इबादत लायक नहीं है। इस वीडियो को सिपाही सुहैल खान ने अपने फेसबुक एकाउंट और स्टेट्स पर वायरल की। बताया कि कुछ लोगों की शिकायत पर उन्होंने मामले की जांच कराई।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली वीडियो को वायरल करने के आरोप में सिपाही सुहैल खान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही एक टीम गठित कर जांच कराई जा रही है। बताया कि धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास करने वालों को किसी भी दशा में नहीं बक्शा जाएगा।




