दिल्ली की मंडोली जेल में बंद गैंगस्टर ने की आत्महत्या

पुलिस अधिकारियों में हड़कंप, लॉरेंस बिश्नोई से था कनेक्शन

दिल्ली ब्यूरो। कुख्यात गैंगस्टर लॉसेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़ा दिल्ली का कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी मंडोली जेल में चादर के फंदे के सहारे लटका मिला। स्वतंत्रता दिवस की रात को गैंगस्टर जेल नंबर 15 में अपने बैरक में लोहे की जाली के सहारे फंदे से लटका हुआ था। आशंका है कि उसने खुदकुशी की है। हर्ष विहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
गैंगस्टर ने खुदकुशी क्यों की है, उसे जेल में किसी प्रतिद्वंद्वी गिरोह या फिर कुछ दिनों पहले कार्रवाई के दायरे में आए जेल अधिकारियों से खतरा था। इन सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि सलमान त्यागी तिहाड़ गांव का रहने वाला था। उसने गांव के रहने वाले सद्दाम गौरी के साथ मिलकर त्यागी नाम से एक गिरोह बनाया हुआ था। पश्चिमी व बाहरी दिल्ली में गिरोह का आतंक था।
सलान पर हत्या, रंगदारी, डकैती, जबरन वसूली, जमीनों पर कब्जा करने दुष्कर्म समेत 25 केस दर्ज थे। पिछले 15 वर्षों से वह अपराध कर रहा था। उसने अपराध करके तिहाड़ गांव में कई जमीनों पर कब्जा किया और अपराध की रकम से संपत्तियां अन्य के नाम पर खरीदी। यह कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवानिया सिंडिकेट में भी शामिल हुआ था। लेकिन वहां इसकी दाल नहीं गली। वर्ष 2019 में दिल्ली पुलिस ने त्यागी समेत इसके गिरोह के 15 बदमाशों पर हरि नगर थाने में मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ आर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट) में केस दर्ज किया।
उसी साल पुलिस ने सलमान त्यागी समेत गिरोह के कई बदमाशों को पकड़कर जेल भेज दिया। दिसंबर 2024 में तीस हजारी कोर्ट ने मकोका केस में आरोप तय किए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सलमान जेल के अंदर से ही गिरोह को मोबाइल के जरिये चला रहा था। उसने कई वारदात को अंजाम दिलवाया। लारेंस बिश्नोई के इशारे पर उसने वर्ष 2023 राजौरी गार्डन में दो बड़े कारोबारियों से 50-50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसने अपने शूटरों से कारोबारियों के कार्यालयों के बाहर गोलियां चलवाई थी। पुलिस ने शूटरों को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया था सलमान ने वारदात करवाई है। जब पुलिस ने सलमान से पूछताछ की तो पता वह लारेंस सिंडिकेट से जुड़ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button