सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप: उन्नति और तन्वी सेमीफाइनल में पहुंचीं, महिला डबल्स में गायत्री-त्रिशा की भी अंतिम चार में जगह पक्की

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

स्पोर्ट्स डेस्क, लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल और युगल वर्ग में सेमीफाइनल में जगह बनाई। महिला एकल में पिछले वर्ष की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर अंतिम चार में प्रवेश किया। वहीं, महिला युगल में गत विजेता गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जाली की जोड़ी भी सेमीफाइनल में पहुंच गई।

गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित प्रतियोगिता के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा ने हमवतन अनमोल खर्ब को कड़े मुकाबले में 21-19, 15-21, 21-18 से पराजित किया। एक घंटे 17 मिनट तक चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। उन्नति ने निर्णायक गेम में बेहतर खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की।

दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी को 21-19, 18-21, 21-14 से शिकस्त दी। एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में तन्वी को शुरुआती दो गेम में कड़ी चुनौती मिली, लेकिन तीसरे गेम में उन्होंने दमदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सेमीफाइनल में अब उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा आमने-सामने होंगी। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच होने वाले इस मुकाबले से महिला एकल वर्ग के फाइनल में एक भारतीय खिलाड़ी की जगह सुनिश्चित हो गई है।

महिला युगल वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन गायत्री गोपीचंद तथा त्रिशा जाली की जोड़ी को भी सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और केमिली पोगनैंट की जोड़ी बीमारी के कारण क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नहीं उतरी, जिसके चलते भारतीय जोड़ी को वाकओवर मिला।

अब सेमीफाइनल में गायत्री और त्रिशा का सामना यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा और येव्हेनिया कांतमिर की जोड़ी से होगा। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से घरेलू दर्शकों में उत्साह है और प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button