मोबाइल-माइक लेकर घूमने वाला हर शख्स पत्रकार नहीं! पत्रकारों की सुरक्षा और पहचान पर सुप्रीम कोर्ट करेगा फैसला

सुप्रीम कोर्ट पत्रकारों की कानूनी पहचान और प्रदर्शन के दौरान उनकी सुरक्षा के मानक तय करने पर विचार करेगा। सुप्रीम कोर्ट यह भी विचार करेगा कि मान्यता प्राप्त और पेशेवर पत्रकारों को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तथा कंटेंट क्रिएटर्स से अलग सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं।

सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली,एजेंसी। मोबाइल और माइक लेकर रिपोर्टिंग करने वाले हर व्यक्ति को पत्रकार माना जा सकता है या नहीं, इस अहम सवाल पर सुप्रीम कोर्ट विचार करेगा। अदालत यह भी तय करने पर विचार कर रही है कि विरोध प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान मान्यता प्राप्त और पेशेवर पत्रकारों को सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स की तुलना में अलग सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं।

यह मामला 10 और 11 अक्टूबर को नई दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों की कवरेज से जुड़ा है। इस दौरान सात पत्रकारों को हिरासत में लेने, उनके साथ कथित मारपीट करने और रिपोर्टिंग में बाधा डालने के आरोप लगे थे। इन घटनाओं को लेकर दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और स्वतंत्र पत्रकार परंजॉय गुहा ठाकुरता सहित कई संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की हैं।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने पत्रकारों की कानूनी पहचान और उनकी सुरक्षा के मानकों पर विचार करने का फैसला किया है। सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात पर भी ध्यान दिया कि पेशेवर पत्रकारों, स्वतंत्र पत्रकारों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और रील बनाने वालों के बीच अंतर कैसे तय किया जाए।

मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित की है। समिति 10 और 11 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान सात पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने, उनके साथ कथित मारपीट और समाचार संकलन में बाधा डालने के आरोपों की जांच करेगी। वह घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करेगी। समिति का दायित्व इस विशेष घटना की वास्तविक स्थिति सामने लाना है, जबकि पत्रकारों की कानूनी पहचान और उनकी सुरक्षा के व्यापक मानक तय करने का सवाल सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन है।

सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने सवाल उठाया कि प्रदर्शन या भीड़ के बीच रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों से किस तरह की सुरक्षा मिलनी चाहिए। इसमें समाचार संकलन के दौरान बिना उचित कारण हिरासत में लेने, मारपीट करने और रिपोर्टिंग में अनावश्यक बाधा डालने जैसे मामलों से संरक्षण का मुद्दा शामिल है। हालांकि, पत्रकारों को कानून से छूट देने या पुलिस के वैध निर्देशों की अनदेखी करने का अधिकार देने का सवाल नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने अदालत में दी दलील 

दिल्ली पुलिस ने अदालत में दलील दी है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और रील बनाने वालों को पेशेवर पत्रकारों से अलग श्रेणी में रखा जाना चाहिए। पुलिस का कहना है कि आज लगभग हर व्यक्ति के पास मोबाइल कैमरा और माइक है। ऐसे में प्रदर्शन के दौरान वास्तविक पत्रकारों और भीड़ में शामिल होकर नारेबाजी करने वाले लोगों के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। पुलिस के मुताबिक, पत्रकारों के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का लाभ उन्हीं लोगों को मिलना चाहिए, जो वास्तव में पेशेवर पत्रकारिता से जुड़े हैं।

अदालत में पिछली सुनवाई के दौरान वर्किंग जर्नलिस्ट एक्ट का भी उल्लेख हुआ था। इसके तहत पीआईबी या सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकारों, पंजीकृत मीडिया संस्थानों में कार्यरत रिपोर्टरों और स्वतंत्र पत्रकारों की स्थिति के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तथा रील बनाने वालों की भूमिका पर अलग-अलग विचार की जरूरत जताई गई थी।

अब सुप्रीम कोर्ट के सामने दो अहम पहलू हैं। पहला, अक्टूबर में पत्रकारों के साथ हुई कथित घटनाओं की जांच रिपोर्ट के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना और दूसरा, पत्रकारों की पहचान तथा प्रदर्शन के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए उचित मानक निर्धारित करना। इस मामले में अदालत का रुख भविष्य में पत्रकारों, स्वतंत्र रिपोर्टरों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की सीमाएं स्पष्ट करने के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button