सीआरपीएफ जवानों को ले जा रहा वाहन गहरी खाई में गिरा, 2 की मौत, 12 घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में दर्दनाक हादसा

श्रीनगर/एजेंसी। जम्मू- कश्मीर के उधमपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सीआरपीएफ के जवानों को ले जा रही एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बसंतगढ़ इलाके के पास कांदवा में हुआ है। वाहन फिलसल गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो सीआरपीएफ कर्मियों की जान चली गई है। हादसे में 12 से ज्यादा जवान घायल भी हुए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भट ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायल जवानों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में पहुंचाया।
वाहन के गिरने के बाद आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। उन्होंने जवानों को रेस्क्यू करना शुरू किया। वहीं कुछ ही देर में सेना का जवान, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। घायल जवानों को आनन-फानन से अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के इलाके में लगातार बारिश हो रही है। सड़कों पर मिट्टी के चलते फिसलन हो गई है। सीआरपीएफ जवानों का वाहन फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की खबर सुनकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुख जताया। उन्होंने तुरंत उधमपुर की डेप्युटी कमिश्नर सलोनी राय से बात की।
जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि उधमपुर कांदवा-बसंतगढ़ इलाके में सीआरपीएफ के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर दुख हुआ। गाड़ी में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान थे। मैंने अभी डीसी से बात की है। वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं। मै लगातार अपडेट ले रहा हूं।




