100 में केवल 2-4 लड़कियां ही पवित्र, वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज का विवादित बयान
वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल, लोग कर रहे हैं उनकी आलोचना

मथुरा/उत्तर प्रदेश। वृंदावन के जाने-माने संत प्रेमानंद महाराज अपने विवादित बयानों को लेकर फिर से सुर्खियों में हैं। उन्होंने एक निजी बातचीत के दौरान कहा कि “आज के समय में 100 में से मुश्किल से दो-चार लड़कियां ही पवित्र होती हैं, बाकी सभी बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड के चक्कर में लगी हुई हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और उनके इस बयान ने विवाद को जन्म दे दिया है।
संत प्रेमानंद ने कहा कि अगर कोई युवक 4 लड़कियों से संबंध बनाता है, तो वह अपनी पत्नी से संतुष्ट नहीं रह पाएगा, क्योंकि उसे व्यभिचार की आदत लग चुकी होती है। इसी तरह, जो लड़की 4 पुरुषों से संबंध बना चुकी है, उसके अंदर एक पति को स्वीकार करने की हिम्मत नहीं रहती। उन्होंने यह भी कहा कि 100 में से मुश्किल से दो-चार कन्याएं ही ऐसी होती हैं जो पवित्र जीवन जीकर किसी एक पुरुष को समर्पित होती हैं।युवाओं के रिश्तों को लेकर चिंता
प्रेमानंद महाराज ने अपने बयान में आज-कल के युवाओं के रिश्तों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न तो सच्चे पति बन सकते हैं, न ही सच्ची बहुएं। बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और अब लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने इसे “महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक और छोटी सोच” बताया है।
इस बयान के बाद संत प्रेमानंद महाराज की काफी आलोचना हो रही है। जहां उनकी धार्मिक शिक्षाओं को कई लोग सम्मान देते हैं, वहीं इस तरह के टिप्पणी ने समर्थकों और आम जनता के बीच नाराजगी फैला दी है। कई लोगों ने इसे महिलाओं की गरिमा पर चोट बताया है और कहा है कि इस तरह के बयान समाज में महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के एक अन्य चर्चित संत अनिरुद्धाचार्य महाराज इसी तरह के विवादित बयानों के चलते चर्चा में आए थे। महिला संगठनों ने उनके बयान को भड़काऊ और संविधान-विरोधी करार दिया था। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामला संज्ञान में लिया था। अनिरुद्धाचार्य को देश भर में प्रदर्शन का सामना करना पड़ा और बाद में उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।




