बिहार के विभूतिपुर में पुलिस टीम पर हमला

थानाध्यक्ष का हाथ टूटा, दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी

विभूतिपुर/बिहार। विभूतिपुर थाना क्षेत्र में कल्याणपुर उत्तर वार्ड 10 में एक आरोपित के घर छापेमारी के दौरान पुलिस बल पर घरवालों ने छत से ईंट और पत्थर फेंककर हमला कर दिया। इस हमले में विभूतिपुर थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप, एएसआई सत्येन्द्र कुमार और महिला सिपाही नीतू कुमारी घायल हो गईं।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विभूतिपुर में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सुषांत ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि एएसआई सत्येन्द्र कुमार को हेड इंजरी के कारण सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं, कांस्टेबल नीतू कुमारी और थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। थानाध्यक्ष के दाहिने हाथ की कलाई की हड्डी टूटने की आशंका के चलते उन्हें भी जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
इस घटना के दौरान पुलिस द्वारा की गई धक्का-मुक्की में गर्भवती महिला आंचल कुमारी गिर गई, जिससे वह बेहोश हो गई। स्वजनों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि 22-23 जुलाई की रात को कल्याणपुर वार्ड 8 निवासी किराना व्यवसायी जयनारायण लाल के पुत्र विकास लाल के घर में लाखों की चोरी की घटना हुई थी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
विकास लाल ने इस मामले में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। इस मामले के आरोपित पवन चौधरी के पुत्र प्रियांशु कुमार के घर से चोरी की गई नगद, जेवरात और अन्य सामान की बरामदगी के लिए विभूतिपुर पुलिस अपने दल बल के साथ गई थी। लेकिन प्रियांशु कुमार मौके पर नहीं मिला।
इस बीच, उसके चचेरा भाई अभिषेक चौधरी ने महिला पुलिसकर्मी के साथ छापेमारी करने की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी कर दी। इस दौरान उसकी गर्भवती बहन आंचल कुमारी को पुलिसकर्मियों द्वारा धक्का दिया गया, जिससे वह गिर गई और बेहोश हो गई। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई और पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंके गए।
घटना के बाद चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। ईंट-पत्थर से पुलिस के घायल होने के बाद अन्य थानों की पुलिस ने भी छापेमारी की। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की, लेकिन थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप और रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने इस आरोप का खंडन किया।
इस मामले में थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि नौ ज्ञात और 5-6 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद अभियुक्तों में कल्याणपुर वार्ड 10 निवासी स्व. पवन चौधरी की पत्नी सुनैना देवी और स्व. महेश्वर चौधरी के पुत्र अभिषेक चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि चोरी के मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन चोरों की पहचान की थी, जिसमें से एक चोर प्रियांशु के घर पर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के बाद लौटते समय आरोपितों ने गाली-गलौच करते हुए छत से ईंट फेंकी, जिससे थानाध्यक्ष आनंद, एएसआई सत्येन्द्र कुमार और कांस्टेबल नीतू कुमारी घायल हो गए।
सभी घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विभूतिपुर में किया गया। चिकित्सक ने थानाध्यक्ष को कलाई टूटने की आशंका के चलते एक्स-रे के लिए सदर अस्पताल रेफर किया। एएसआई सत्येन्द्र कुमार को हेड इंजरी के कारण सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस इस मामले के अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को दलबल के साथ थाना परिसर का दौरा किया। उन्होंने थानाध्यक्ष के साथ पूरे मामले की जानकारी ली और थाना परिसर में जब्त वाहनों की नीलामी समेत कई आवश्यक निर्देश दिए।
विभूतिपुर में पहली बार मीडिया से मुखातिब होते हुए एसडीपीओ ने कल्याणपुर वार्ड 10 में पुलिस के साथ हुई घटना की पुष्टि की और बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button