दिल्ली पुलिस का हवलदार ही निकला चोर, स्पेशल सेल के मालखाने से चोरी की 70 लाख की नकदी और सोना

दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित स्पेशल सेल के मालखाने का मामला

नई दिल्ली। आतंकवाद निरोधक यूनिट स्पेशल सेल के लोधी कॉलोनी स्थित थाने के मालखाना से करीब 70 लाख रुपये नगदी और लाखों के सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। लोधी कॉलोनी में स्पेशल सेल के मुख्यालय में ही थाना है। यहां 24 घंटे चार स्तरीय सुरक्षा रहती है। बावजूद इसके सेल के ही एक पूर्व हवलदार ने मालखाना में घुसकर चोरी करने के बाद सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर वहां से भागने में कामयाब हो गया। गनीमत रही कि चोरी की जानकारी तुरंत हो जाने पर सीसीटीवी कैमरे से पहचान करने के बाद हवलदार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घर से चोरी गए सभी नकदी व सोना भी बरामद कर लिया गया। हवलदार को फिलहाल निलंबित कर दिया गया है। उसे नौकरी से बर्खास्त भी किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक सेल में तैनात रहे एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रतीक्षा गोदारा का हाल ही में सेल से दूसरे यूनिट में तबादला हो जाने के कारण शनिवार को सेल के अधिकारियों ने उनके लिए चाणक्यपुरी में फेयरवेल पार्टी रखी थी। जिससे लोधी कालोनी के कई पुलिसकर्मी ड्यूटी छोड़ पार्टी में शामिल हुए थे।
उसी दौरान तड़के करीब चार बजे हवलदार खुर्शीद आलम सेल के थाने आकर मालखाना में घुस गया था और चोरी करने के बाद तड़के 4.30 बजे बैग में नकदी व सोना रखकर फरार हो गया। करीब एक माह पहले तक खुर्शीद की तैनात सेल के मालखाना में थी जिससे सभी सुरक्षाकर्मी उसे पहचानते हैं। इसलिए चार स्तरीय सुरक्षा होने के बावजूद किसी ने भी उसे नहीं रोका। सुरक्षाकर्मियों को पता नहीं था कि उसका तबादला हो गया है। इसलिए बिना जांच के वह अंदर घुसने में कामयाब हो गया था। एक माह पहले खुर्शीद का तबादला उत्तर-पूर्वी जिले में कर दिया गया था। रविवार को चोरी के बारे में पता लगते ही सेल ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। रविवार देर रात को खुर्शीद को पूर्वी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। सेल में चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। पहली लेयर में नागालैंड पुलिस बल के जवान तैनात हैं, जो लोधी कॉलोनी परिसर की निगरानी करते हैं।
दूसरी लेयर में ड्यूटी आफिसर होता है, जो परिसर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच करता है। तीसरी लेयर में लाइट मशीन गन (एलएमजी) वाले गार्ड होते हैं और चौथी लेयर में एक और ड्यूटी ऑफिसर होता है, जो उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले अंतिम बार प्रवेश करने वालों की जांच करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button