गाजियाबाद एनकाउंटर में कॉन्स्टेबल सौरभ की शहादत पर कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने की ये घोषणा, साहस को किया सलाम

Commissioner Laxmi Singh made this announcement on the martyrdom of Constable Saurabh in Ghaziabad encounter, saluted his courage

नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना फेस-3 में तैनात कांस्टेबल सौरभ कुमार ने 25 मई की रात एक बेहद साहसिक और दुखद घटना में अपनी ड्यूटी निभाते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। सौरभ कुमार एक वांछित अपराधी कादिर को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम का हिस्सा थे। उन पर गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र के नहाल गांव में हमला किया गया। इसमें उनकी जान चली गई। अब इस मामले में नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कॉन्स्टेबल की वीरता को सलाम किया है। साथ ही, अपने वेतन से एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं, पुलिसकर्मियों की ओर से 75 लाख 16 हजार रुपये की सहायता राशि कॉन्स्टेबल के परिवार को दिया जाएगा।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से कहा गया है कि थाना फेस-3 में नियुक्त आरक्षी सौरभ कुमार ने 25 मई की रात में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अभियुक्त कादिर को पकड़ कर अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय दिया। उन्होंने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के समस्त पुलिसकर्मी इस घटना से आहत है। कॉन्स्टेबल सौरभ को शत-शत नमन करते हुए अपनी शोक संवेदना प्रकट करते है।
कमिश्नरेट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपने वेतन से एक लाख रुपये की धनराशि सौरभ के परिजनों को देने का निर्णय लिया है। साथ ही, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने एक दिन का वेतन की अनुग्रह धनराशि कॉन्स्टेबल सौरभ कुमार के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान किए जाने का निर्णय लिया है।
घटना तब हुई, जब नोएडा थाना फेस-3 की पुलिस टीम ने कुख्यात अपराधी कादिर पुत्र खुर्शीद को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी। कादिर पर चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह मसूरी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। वह हाल ही में थाना फेस-3 में दर्ज अपराध संख्या 211/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत वांछित था। पुलिस टीम ने जब नहाल गांव स्थित कादिर के घर से गिरफ्तार किया, इसी दौरान कादिर के परिजनों और साथियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं और पत्थरबाजी की। इस हिंसक हमले में कांस्टेबल सौरभ कुमार को सिर में गोली लग गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए यशोदा अस्पताल, नेहरू नगर गाजियाबाद ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह समेत समस्त अधिकारी और कर्मी कांस्टेबल सौरभ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस को सलाम कर रहे हैं। घटना के बाद आरोपी कादिर को गिरफ्तार कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एकजुट होकर इस दुख की घड़ी में सौरभ कुमार के परिजनों के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button