बांग्लादेश के रिसॉर्ट में भीषण आग, 10 लोगों की मौत; एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल

नौ घायलों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल ले जाया गया है। इनमें से पांच लोगों का इलाज चल रहा हैं, जबकि चार को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

ढाका,एजेंसी। दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार में शनिवार सुबह एक रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, समुद्र किनारे स्थित तीन मंजिला लकड़ी के रिसॉर्ट के पास अग्नि सुरक्षा लाइसेंस नहीं था। जून में निरीक्षण के दौरान सुरक्षा संबंधी चेतावनी दिए जाने के बावजूद आवश्यक कदम नहीं उठाए गए थे।
फायर सर्विस और सिविल डिफेंस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मोहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग कॉक्स बाजार जिले के इनानी बीच के पास स्थित तुपतुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में लगी। सुबह लगी आग ने देखते ही देखते लकड़ी से बने तीन मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और राहत-बचाव अभियान चलाया। हादसे में बच्चों की भी मौत हुई है, हालांकि अधिकारियों ने मृतकों की विस्तृत पहचान संबंधी जानकारी साझा नहीं की।
फायर सर्विस और सिविल डिफेंस मुख्यालय ने हादसे में 10 शव मिलने की पुष्टि की है। विभाग के निदेशक सुल्तानुल आफरीन जुनैद के मुताबिक, रिसॉर्ट के पास अग्नि सुरक्षा लाइसेंस नहीं था। जून में किए गए निरीक्षण के बाद प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेतावनी दी गई थी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय रिसॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे।
स्थानीय समाचार पत्र ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, आशिकुल इस्लाम अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने रिसॉर्ट पहुंचे थे और दूसरी मंजिल पर ठहरे हुए थे। आग लगने के बाद उन्होंने इमारत से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनके परिवार के छह सदस्यों की इस हादसे में मौत हो गई। मृतकों में उनकी पत्नी और बच्चे भी शामिल बताए गए हैं।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने कहा है कि घटना की जांच के बाद आग की वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस हादसे ने रिसॉर्ट में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी के बावजूद आवश्यक उपाय नहीं किए जाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button