आनंद पर्वत में डीटीसी बस का कहर, दो की मौत, दो गंभीर घायल
आनंद पर्वत इलाके में एक डीटीसी बस की चपेट में आकर एक शख्स की मौत हो गई है। वहीं, द्वारका में भी सड़क हादसा हुआ है। यहां ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। ट्रक से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 212 बस स्टैंड के पास हुआ, जहां टिकरी बॉर्डर की ओर जा रही दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस ने तीन दोपहिया वाहनों और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक स्कूटी बस के नीचे फंस गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस अचानक अनियंत्रित हो गई और रास्ते में चल रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय बस एक महिला चालक चला रही थी। दुर्घटना के बाद चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। हादसे से नाराज लोगों ने हंगामा किया और बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।




