कौशाम्बी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष शिविर, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद की सिराथू, मंझनपुर और चायल विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष शिविर लगाए गए।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को कौशाम्बी जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए। अभियान के तहत पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को पंजीकरण के लिए जागरूक किया गया। निर्वाचन विभाग ने ‘कोई मतदाता न छूटे’ के संकल्प के साथ सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।
जनपद के 251-सिराथू, 252-मंझनपुर (अनुसूचित जाति) और 253-चायल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों पर लगाए गए इन शिविरों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाएं की गईं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के अवसर से वंचित न रहें।
विशेष शिविरों का निरीक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर तथा तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने किया। अधिकारियों ने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर पंजीकरण प्रक्रिया और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से संबंधित कार्यों की स्थिति भी देखी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और अब तक पंजीकरण से छूटे लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।




