गाजियाबाद पुलिस ने खोए मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए, बरामद किए 1 करोड़ के फोन
दूसरे राज्यों से कोरियर से मंगवाए 70 मोबाइल

गाजियाबाद। गाजियाबाद में सिटी जोन के सात थानों की पुलिस ने खोये मोबाइल बरामद करने का अभियान आठ फरवरी से आठ अप्रैल तक चलाया। पुलिस ने दो माह के भीतर 425 मोबाइल बरामद किए। बताया गया कि इनकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई। इनमें से 75 लोग ऐसे थे जो खोये मोबाइल को दूरदराज क्षेत्र में चला रहे थे। जब पुलिस ने इन 75 लोगों को फोन कर मोबाइल भेजने को कहा तो उन्होंने कोरियर से थाने भिजवा दिया। एक व्यक्ति ने तो कश्मीर के पुलवामा से मोबाइल कोरियर से थाने भिजवाया। वहीं, रविवार को बरामद मोबाइल उनके मालिकों को दिए गए। हालांकि, अभी भी खोये मोबाइलों के 1,800 केस लंबित हैं। लोगों के मोबाइल खो जाते हैं तो वह सीईआइआर पोर्टल पर गुशुदगी दर्ज करा देते हैं।
इसके बाद पुलिस की जांच शुरू हो जाती है। इसी तरह सिटी जोन क्षेत्र में 2,200 से अधिक केस लंबित थे। सभी थानों की पुलिस ने गुमशुदा माेबाइल को बरामद करने के लिए अभियान चलाया। नगर कोतवाली से 137, विजय नगर थाना 55, सिहानी गेट थाना 64, नंदग्राम थाना 63, कवि नगर थाना 52, मधुबन बापूधाम थाना 42, साइबर थाना से 12 मोबाइल बरामद किए। गुम होने होने के बाद कुछ मोबाइल दूर-दराज के क्षेत्र में पहुंच गए थे। ऐसे में पुलिस ने दूर-दराज की लोकेशन पर मोबाइल चला रहे लोगों को फोन किया।
उन्हें बताया कि जो मोबाइल वह चला रहे है उसकी थाने में शिकायत दर्ज हैं। ऐसे में वह मोबाइल को थाने में कोरियर से भिजवा दें। पुलिस ने असम, बिहार, झारखंड और कश्मीर आदि स्थानों से कुल 75 मोबाइल कोरियर कराकर थानों में मंगवा लिए। जबकि अन्य शेष मोबाइल को पुलिस ने मौके पर जाकर बरामद किया। कुछ मोबाइल तो ऐसे थे जिनकी शिकायत वर्ष 2021 में दर्ज हुई। इस तरह पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार ने बताया कि बरामद हुए मोबाइल को उनके मालिकों को दिया गया। इनमें तीन आइफोन भी शामिल थे। इनमें एक मोबाइल तो सीईआइआर पोर्टल संचालित वाले व्यक्ति का था। मोबाइल मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर की। अन्य लंबित केस में मोबाइलों को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।




