पिंकी चौधरी को राखी देने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस ने रास्ता रोका, जेल तक पहुंचाई राखियां
Police blocked the way of women who had come to give Rakhi to Pinky Chaudhary, and the Rakhis were taken to the jail

गाजियाबाद। गुलधर में कामगारों की झुग्गी तोड़ने और बांग्लादेशी बताकर मारपीट के आरोप में जेल में बंद हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष पिंकी चौधरी से मिलने कई महिलाएं गईं। मसूरी पुलिस ने महिलाओं को ईपीई टोल प्लाजा के पास ही रोक दिया।
इससे मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ। महिलाओं और हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए पांच महिलाओं को जेल जाने की अनुमति दी गई। हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि 500 बहनों की राखियां पिंकी चौधरी तक पहुंचाने के लिए जेल प्रशासन को दी गई है।
रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पहुंचे हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ता और महिलाएं डासना जिला जेल पहुंची, लेकिन मसूरी पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। नाराज महिलाएं जेल जाने की जिद पर अड़ी रहीं।
काफी देर बाद पुलिस ने पांच महिलाओं को जेल जाकर राखी देने की अनुमति दी। महिलाएं अपने साथ करीब 500 राखियां भी लेकर गईं। क्षेत्रीय अध्यक्ष सौरभ पंडित का कहना है कि पिंकी चौधरी की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने जेल प्रशासन को ज्ञापन दिया है।




