कृष्णा नगर थाना पुलिस ने यमुनापार में झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले दंपती को किया गिरफ्तार
Krishna Nagar police station arrested the couple who committed the snatching incident in Yamunapar

पूर्वी दिल्ली। कृष्णा नगर थाना पुलिस ने फिल्म बंटी बबली से प्रभावित होकर यमुनापार में झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले दंपती को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान त्रिलोकपुरी निवासी अमन और संगम विहार निवासी साक्षी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि 18 मार्च को एक महिला का फोन छीने जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शिकायतकर्ता भारती ने बताया कि वह ऑफिस जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी एक युवक और एक लड़की बाइक पर आए। पीछे बैठी लड़की ने उसके हाथ से फोन छीन लिया।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। एसएचओ मुकेश राणा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई। दोनों को त्रिलोकपुरी से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों ने बताया कि वे बंटी बबली फिल्म से प्रभावित थे। उन्होंने जनवरी में कृष्णा नगर में भी झपटमारी की थी। उसमें मोबाइल और पर्स छीना था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी का माल बरामद करने का प्रयास कर रही है।




