दिल्ली के यमुना खादर इलाके में गरजा डीडीए का बुलडोजर

हटाई गईं 200 से ज्यादा झुग्गियां, कार्रवाई से लोगों में मचा हड़कंप

पूर्वी दिल्ली। शास्त्री पार्क के पास यमुना खादर क्षेत्र में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने मंगलवार को एनजीटी के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पुराने लोहे के पुल के पास यमुना खादर में बनीं 200 से अधिक झुग्गियों को हटाया गया। साथ ही डीडीए के अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसी दोबारा झुग्गी बनाई तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। डीडीए के अवर अभियंता अजय ने बताया कि पुराना लोहे के पुल के पास यमुना खादर क्षेत्र है। पिछले कई सालों से 200 से अधिक झुग्गी बनाकर लोग रह रहे थे।
एनजीटी की ओर से यमुना खादर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त का आदेश आने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। प्राधिकरण की ओर से खादर क्षेत्र को खाली करने के लिए नोटिस तीन दिन पहले यहां पिलर पर चस्पा कर दिए थे, लेकिन झुग्गी में रहने वाले लोगों ने जगह खाली नहीं की। इस पर मंगलवार को दो बुलडोजर और पुलिस बल की मदद से खादर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, मगर मौजूद पुलिस बल ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने के बाद दोबारा अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। पूर्वी दिल्ली में नगर निगम ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और दिल्ली पुलिस की मदद से शमशाम घाट से मंडोली जेल तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अस्थाई दुकानों और रेहड़ी पटरी वालों को हटा कर उनके सामान जब्त कर लिए गए।
अधिकारियों ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी हैं। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निवासी और जनप्रतिनिधि की ओर अतिक्रमण को लेकर शिकायत मिल रही थी। सड़क किनारे अतिक्रमण होने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिसका संज्ञान लेकर मंगलवार को शमशान घाट से मंडोली जेल रोड, हर्ष विहार बैंक कॉलोनी से डिस्पेंसरी तक लगभग छह किलोमीटर तक के इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पुलिस को दोबारा अतिक्रमण होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button