गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए चोरी करता था दोपहिया वाहन, दो नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार
He used to steal two-wheelers to take his girlfriend for a ride, three people including two minors arrested

नई दिल्ली। उत्तरी जिले के बुराड़ी थाना पुलिस की टीम ने वाहन चोरों के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिग सहित तीन लोगों को पकड़ा है। उनकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है।
जिसे उन्होंने अलीपुर और बुराड़ी थाना क्षेत्र से चुराई थीं। गिरोह के सरगना की पहचान यश उर्फ घोचू के रूप में हुई है जो अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए नाबालिगों से दोपहिया वाहन चोरी करवाता था। उत्तरी जिले के उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, तीन फरवरी को नरेला निवासी सुरेन्द्र सिंह भंडारी ने बुराड़ी के राम पार्क से स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जांच के दौरान पुलिस टीम ने सभी स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें तीन लड़के स्कूटी चोरी करते कैद हुए। 22 जनवरी को भी इब्राहिमपुर से मोटरसाइकिल भी इन्हीं तीनों ने चोरी की थी। दोनों घटनाओं में बदमाशों की तस्वीरें मुखबिरों को दिखाई गईं, जिन्होंने उनमें से एक की पहचान स्वरूप नगर निवासी यश उर्फ घोचू के रूप में की।
नौ फरवरी को उसे और एक नाबालिग को स्वरूप नगर के कुशक रोड से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया। उनकी निशानदेही पर घटना में शामिल एक अन्य नाबालिग को भी पकड़ लिया गया। यश की निशानदेही पर एक और मोटरसाइकिल और एक अन्य स्कूटी भी बरामद की गई।
पूछताछ में पता चला कि यश गरीब परिवार से है। उसे दोपहिया वाहन चलाने का शौक था और उसकी गर्लफ्रेंड भी उसके साथ घूमना चाहती थी, आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह मोटरसाइकिल नहीं खरीद सका। बाद में उसने अपनी गर्लफ्रेंड को खुश करने के लिए नाबालिगों से वाहन चोरी कराना शुरू किया। वह वाहन चोरी कर उसे घुमाने ले जाता था और इसी काम के लिए अपने साथियों को भी देता था। पेट्रोल टैंक खाली होने के बाद वे दोपहिया वाहन को लावारिस छोड़ देता था।




