खाने में थूक मिलाने वालों पर लगे रासुका, गाजियाबाद में हुई हिंदू संगठनों की महापंचायत
NSA should be imposed on those who spit in food, Mahapanchayat of Hindu organizations held in Ghaziabad

लोनी/गाजियाबाद। हाल ही में खुशी जूस कार्नर पर जूस में मानव मूत्र मिलाने के आरोपों को लेकर लोनी के टीला शाहबाजपुर गांव के शिव मंदिर परिसर में रविवार को महापंचायत हुई। इसमें लोनी विधायक समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, साधु-संतों ने शामिल होकर इस कृत्य का एक सुर में विरोध किया।
उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक होकर भी हम सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा कृत्य करने वाले के खिलाफ कानून बनाकर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए हम सभी को एक होकर आगे आना होगा। पंचायत में पहुंचे सभी लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। मंदिर परिसर में सुबह 10 बजे महापंचायत शुरू हुई। समय बढ़ने के साथ ही संख्या भी बढ़ती गई। दोपहर तक सैकड़ों की संख्या में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, साधु-संत व स्थानीय लोग पहुंचे। महापंचायत में मुख्य रूप से लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, स्वामी दीपांकर महाराज, साध्वी प्राची, यशवीर महाराज, मंगलदास सुधांशु, दयालु महाराज, योगी राजेंद्र नाथ, अशोक कृष्ण ठाकुर, डा. आयुषी राणा भारती आदि शामिल हुईं।
सभी ने महापंचायत में जूस में मूत्र मिलाने, रोटी पर थूक लगाने से जैसा घिनौना कार्य करने का विरोध किया। डा. आयुषी राणा भारती ने कहा कि हमारे कुछ लोग कहते हैं कि दुकानों पर नाम लिखने से भाईचारे में रुकावट आती है। खुशी जूस कार्नर नाम है चलाते हैं आमिर साहब। हमें अपनी पहचान बताने में आखिर शर्म क्यों आती है। हम तभी अपना नाम छुपाते हैं जब गलत होते हैं। ऐसे लोगों को रोकना होगा। ये केवल लोनी विधायक का नहीं सभी का कर्तव्य है।
योगी राजेंद्र नाथ ने कहा कि विभिन्न प्रकार से जिहाद किया जा रहा है। इन सभी से बचने के लिए हमें सतर्क रहना होगा। अशोक कृष्ण ठाकुर बोले कि महापंचायत का उद्देश्य प्रधानमंत्री व मंत्रियों तक अपनी बात को पहुंचाना है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर कार्रवाई हो। योगी राजेंद्र नाथ ने कहा कि कुछ लोग हिंदू धर्म के कपड़े पहन वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। इससे धर्म को बदनाम करने का कार्य किया जा रहा है। दयालु महाराज ने कहा कि इसके लिए कड़ा कानून बनना चाहिए।




