चांदनी चौक घूमने गए फ्रांस के राजदूत का चोरी हो गया मोबाइल फोन
दिल्ली पुलिस ने चोरी के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी माथौ का मोबाइल फोन चोरी हो गया। यह वाक्या तब हुआ जब वे दिल्ली के प्रसिद्ध चांदनी चौक बाजार में घूमने गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अधिकारियों संग थियरी माथौ 20 अक्टूबर को अपनी पत्नी के साथ बाजार गए थे। फोन चोरी होने के तुरंत बाद दूतावास ने पुलिस को सूचना दी। दिल्ली पुलिस ने इस घटना से जुड़े 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
फ्रांस के राजदूत थियरी माथौ के साथ यह घटना 20 अक्टूबर यानी आज से 10 दिन पहले हुई थी। चांदनी चौक में माथौ का फोन चोरी होते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की और एक टीम का गठन किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनसे मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ट्रांस-यमुना क्षेत्र के रहने वाले हैं और आगे की जांच जारी है।




