दिल्ली के कापसहेड़ा में साढ़े तीन साल की बच्ची से दरींदगी, रेप के बाद किया मर्डर

नई दिल्ली। साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के कापसहेड़ा इलाके में साढ़े तीन साल की एक बच्ची को अगवा कर सेक्सुअल असॉल्ट और हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप पड़ोसी पर लगा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पड़ोस में रहने वाले 34 साल के आरोपी की पहचान कर उसे यूपी भागने के दौरान एक बस से गिरफ्तार किया। बच्ची के शव के बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। इस बीच पुलिस की तरफ से जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, 22 मई को कापसहेड़ा पुलिस को परिजनों ने बच्ची के गायब होने की सूचना दी। परिवार ने बताया कि घर के बाहर खेलने के दौरान बच्ची गायब हो गई। पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। इस दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच में पड़ोस में रहने वाला युवक शाम 7 बजे बच्ची को अपने साथ गंदे नाले की तरफ ले जाते हुए दिखाई दिया। आरोपी 7:25 बजे वापस अकेले आता देखा गया। पुलिस ने आरोपी के घर में दबिश दी। लेकिन वह वहां से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के फोन को सर्विलांस पर लगाया। तकनीकी जांच से पता चला कि आरोपी सोहना की ओर जा रहा है। पुलिस की एक टीम आरोपी की फोटो लेकर उसकी तलाश करने करने लगी। पुलिस ने उसकी तलाश में कई बसों और गाड़ियों की जांच की। रात 11:55 बजे पुलिस ने आरोपी को यूपी जा रही एक बस के अंदर से दबोच लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में वह वारदात में शामिल होने से इनकार करता रहा, लेकिन सबूत देखने के बाद उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने बच्ची को अगवा करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसकी मेडिकल जांच और पोस्टमॉर्टम में पुष्टि हो गई है। आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बच्ची को गुरुग्राम और कापसहेड़ा के बॉर्डर पर एक नाले में फेंक दिया।
डीसीपी रोहित मीणा के अनुसार, पुलिस आरोपी को लेकर शव बरामद करने के लिए नाले के पास पहुंची। वहां पुलिस घनी झाड़ियों और कचरे के ढेर से सटे दलदले नाले में बच्ची के शव की तलाश करने लगी। अंधेरे में करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव बरामद किया गया। इसी दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी का सर्विस रिवॉल्वर छीन लिया और भागने लगा। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने तुरंत इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी कापसहेड़ा इलाके में अकेले रहता है। वह शादीशुदा है। उसके दो बच्चे हैं। वह लेबर का काम करता था। जांच में पता चला कि चार साल पहले घरेलू विवाद के कारण आरोपी की पत्नी अपने बच्चों के साथ कानपुर चली गई। उसके बाद से वह कापसहेड़ा में अकेले रहता था। पीड़ित परिवार के घर उसका आना जाना था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button