गाजियाबाद के 12 कॉलेजों का डाटा चोरी, हैकर्स ने रिकवरी के लिए मांगे एक मिलियन डॉलर

गाजियाबाद। डॉ. केएन मोदी फाउंडेशन के शिक्षण संस्थानों के सिस्टम हैक कर शातिरों द्वारा डाटा चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विदेशी वायरस लाकबिट ब्लैक को संस्थान के डाटाबेस में भेजा गया।इसके बाद सारे डाटा को चोरी कर एन्क्रिप्ट (लॉक) कर दिया गया। साथ ही मैसेज भी छोड़ा गया कि यदि डाटा को डिक्रिप्ट (रिकवर) करना है तो एक मिलियन डॉलर रकम देनी होगी। पूरा भुगतान क्रिप्टो कर्रेंसी में करना होगा।संस्थान के आईटी हेड संदीप यादव की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है। संदीप के मुताबिक, चोरी हुए डाटा में सभी विद्यार्थी, शिक्षक और संस्थान की गोपनीय जानकारी है। कुल 12 शिक्षण संस्थानों का डाटा चोरी हुआ है। उनके मुताबिक, संभवतः यह काम विदेशी हैकरों का है। उधर, पुलिस ने मामला साइबर सेल को भेजकर जांच शुरू कर दी है।




