झरिया भाजपा विधायक रागिनी सिंह के कार्यालय पर फायरिंग

विरोधियों पर हत्या की साजिश का आरोप

  • झारखंड की झरिया विधायक के कार्यालय पर फायरिंग
  • बीजेपी विधायक रागिनी सिंह के कार्यालय पर फायरिंग
  • झारखंड की राजनीति में बवाल, पुलिस ने शुरू की जांच

धनबाद/एजेंसी। शनिवार सुबह झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह के कार्यालय पर हमला हुआ। अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की और तोड़फोड़ की। कंप्यूटर समेत कई सामान भी चोरी कर ले गए। विधायक ने इसे विरोधियों की साजिश बताया है। पुलिस जांच कर रही है। रागिनी सिंह के कतरास मोड़ स्थित कार्यालय पर शनिवार सुबह लगभग 7 बजे हमला हुआ। विधायक ने झरिया पुलिस को लिखित शिकायत दी है और सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति कार्यालय से बाहर निकलते दिख रहे हैं। विधायक रागिनी सिंह का कहना है कि विपक्षी उन्हें डराने-धमकाने और रोकने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार शाम को भी उनके कार्यालय के बाहर उनके स्टाफ के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। विधायक ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
झरिया थाना के इंस्पेक्टर शशि रंजन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फायरिंग के निशान मिले हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि हमला किसने और क्यों किया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विधायक रागिनी सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि मैं रागिनी सिंह, विधायक, झरिया विधानसभा, पति संजीव सिंह, सा-सिंह मेंशन, थाना-सरायढेला, जिला-धनबाद (झारखण्ड) की निवासी हूं। आज दिनांक 11.01.2025 को सुबह लगभग 07:00 बजे मुझे कतरास मोड, झरिया स्थित मेरे कार्यालय में आने का कार्यक्रम था। जिसकी सूचना बहुत सारे लोगों को थी। परन्तु ठंड के वजह से मुझे घर से निकलने में विलम्ब हो गया। तब तक समय लगभग सुबह 08:00 बजे मुझे सूचना प्राप्त हुई कि मेरे कार्यालय में दो अपराधी आये थे।
उन्होंने आगे कहा है कि जिसमें से एक व्यक्ति के हाथ में रुमाल से ढका हुआ पिस्तौल था। कुछ देर इधर उधर देखे। उसके बाद कार्यालय से बाहर निकल गये। बाहर निकलते ही फायरिंग करने लगे। जिससे मेरे मुख्य कार्यालय के सामने सड़क की दूसरी तरफ स्थित एक कमरे की पुराने कार्यालय के दरवाजे पर गोली चलाया गया है जिसका निशान है। घटना के उपरान्त में अपने कार्यालय पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखा तो पहचाना कि एक व्यक्ति शशि सिंह, पिता रामधीर सिंह, सा- इन्डोरी (पृथ्वी मेंसन), थाना सरायढेला, जिला-धनबाद जो हत्या के आरोप में 14 वर्षों से कानून के नजर में फरार है।
रागिनी सिंह ने दूसरे आरोपी की पहचान बताते हुए लिखा है कि दूसरा व्यक्ति नवीन सिंह उर्फ रतीश सिंह, पिता स्व. प्रभुनाथ सिंह, सा- गोरखपुरी कैम्प, बोरांगद ओपी, जिला-धनबाद के थे। पूर्व में कई बार पूर्णिमा नीरज सिंह, पूर्व विधायक के परिजन एकलव्य सिंह, हर्ष सिंह मेरी हत्या की साजिश करते रहे हैं। वर्तमान घटना में भी मेरी हत्या की साजिश की जा रही है। मेरा आग्रह है कि इन लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button