अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 प्रभारी महेंद्र सिंह की टीम को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे अंतर राज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो एनसीआर में एक हजार मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस ने इनसे 56 मोबाइल भी बरामद किए हैं। गिरोह के सदस्य देव कुमार, मोहम्मद आबुयुददुला मोमीन, सुरजन कुमार, आकाश कुमार, एक नाबालिग एनसीआर के शहरों से और नागपुर, हैदराबाद, मुंबई से मोबाइल चोरी करके कोलकाता में ले जाकर बेचते थे। आरोपित देव कुमार, सुरजन कुमार, आकाश कुमार और शेख चुल झारखंड साहेबगंज जिले के मंडल वासी महाराजपुर के रहने वाले हैं। आरोपित मोहम्मद आबुयुददुला मोमीन बंगाल के मालदा जिले के गांव मुरुआबादी मोमान का रहने वाला है।
क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त(एसीपी) अमन यादव ने बताया कि आरोपितों के बारे में सेक्टर-सात के रहने वाले शिव कुमार ने शिकायत दी कि वह 13 मई को सब्जी मंडी में सब्जी लेने गया था। वहां पर उसका मोबाइल किसी अनजान व्यक्ति ने चोरी कर लिया। शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना सेक्टर-सात में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसकी जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को दी गई।
जांच में साइबर सेल के मुख्य सिपाही दिनेश कुमार की मदद ली गई। महाराष्ट्र के नागपुर स्थित महात्मा गांधी नगर से क्राइम ब्रांच की टीम में शामिल इंस्पेक्टर संदीप, मुख्य सिपाही अमित, दिनेश, सिपाही सहदेव, शमशेर और संदीप ने 23 अक्टूबर को आरोपित देव कुमार काे गिरफ्तार किया। उससे अलग-अलग किस्म के 36 फोन बरामद किए हैं।
रिमांड में सामने आए और नाम
पुलिस ने आरोपित देव कुमार को स्थानीय अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपित से पूछताछ में अन्य आरोपितों के नाम सामने आए। इनमे मोहम्मद आबुयुददुला को बदरपुर बार्डर फरीदाबाद से 26 अक्टूबर को गिरफ्तार करके उससे आठ मोबाइल बरामद किए। आरोपित सुरजन कुमार, आकाश कुमार औऱ नाबालिग को मंडौली दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
आरोपित सुरजन से अलग-अलग किस्म के सात मोबाइल बरामद किए। आरोपित आकाश से दो, शेखचुल से छह मोबाइल बरामद किए। एसीपी यादव ने बताया कि देव कुमार इन में मुख्य आरोपित है जो पहले चोरी करता था। आरोपित पिछले दो वर्ष से फोन चोरी व चोरी के फोन खरीदने का काम कर रहा था। आरोपित मोहम्मद आबुयुददुला चोरी के माल को बंगाल के मालदा में सप्लाई करता था।
इसके लिए उसको एक चक्कर के लिए पांच हजार रुपये खर्चा मिलता था। आरोपितों से पूछताछ में यह सामने आया कि फरीदाबाद में अभी तक पांच चोरी की वारदात की हैं। आरोपितों ने गुरुग्राम से चोरी की वारदात करने की भी बात कबूली है।
मालदा भेज देते थे फोन
आरोपित चोरी किया हुआ सारा माल देव कुमार को बेच देते थे। देव कुमार 50 से 100 फोन इकट्ठे होते ही मोहम्मद आबुयुददुला को सूचना देकर बुला लेता था और मालदा भेज देता था। आरोपितों को रिमांड अवधि खत्म होने के बाद जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसीपी ने यह भी बताया कि यह फोन मालदा से आगे 15 किलोमीटर दूरी पर स्थित बांग्लादेश के बार्डर पर भेज दिए जाते थे। पुलिस ने जो 56 फोन बरामद किए हैं, उनकी जांच की जा रही है कि यहां कहां से चोरी हुए थे और अन्य जो मोबाइल नहीं मिले हैं, उनकी भी जानकारी मिलने के बाद पता चल सकेगा कि चोरी हुए मोबाइल का प्रयोग किन कार्यो के लिए होता था।




