‘वोट बचाने और देश बचाने’ निकले कांग्रेसी आपस में ही भिड़े, समर्थकों में चले लात-घूंसे
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हरिद्वार में कांग्रेस ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा' निकाली। यात्रा के दौरान दो पक्षों में किसी बात को लेकर हाथापाई हो गई।

हरिद्वार,उत्तराखंड। कांग्रेस की ओर से निकाली गई ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा के दौरान पार्टी के दो नेताओं के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। शिवमूर्ति चौक पर शुरू हुई यात्रा के दौरान लालढांग क्षेत्र के कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी और मंगलौर के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के समर्थक भी विवाद में शामिल हो गए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर कथित टिप्पणी से हुई। गुरजीत लहरी ने आरोप लगाया कि जितेंद्र पंवार की टिप्पणी पर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। वहीं, जितेंद्र पंवार पक्ष का कहना है कि पहले उनके नेता के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। दोनों पक्षों ने मामले को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के सामने रखने की बात कही है।
घटना के समय कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेता यात्रा में मौजूद थे। ऐसे में पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान नेताओं के समर्थकों के बीच हुई झड़प से संगठन के भीतर चल रही खींचतान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और जिम्मेदारी को लेकर दोनों पक्षों के दावों की अलग-अलग तस्वीर सामने आई है।
कांग्रेस ने हरिद्वार में एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला था। यात्रा शिवमूर्ति चौक से शुरू होकर शहीद पार्क और कोतवाली हरिद्वार के सामने तक पहुंची। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।




