छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले से टकराई एसयूवी कार, पीए समेत 6 लोग घायल
छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप रविवार को एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। उनकी कार से एक एसयूवी टकराई और फिर काफिले की दूसरी कार से जा टकराई।

जगदलपुर/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप रविवार को बस्तर में हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। भानपुरी थाना क्षेत्र में एक एसयूवी मंत्री की कार से टकराने के बाद काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन से जा भिड़ी। हादसे में मंत्री के निजी सहायक, चार पुलिसकर्मी और सुरक्षा वाहन का चालक समेत छह लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, वन मंत्री केदार कश्यप फरसागुड़ा से अपने पैतृक गांव कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक एसयूवी मंत्री की कार से टकरा गई। टक्कर के बाद एसयूवी काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन से जा भिड़ी। दुर्घटना में सुरक्षा वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे में मंत्री के निजी सहायक अनुराग शर्मा, सुरक्षा वाहन चालक सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और सुकांतिन उसेंडी तथा आरक्षक त्रिलोतमा ध्रुव और नर्मदा मरकाम घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पतालों में भेजा गया। दो घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल और तीन को बस्तर स्थित डिमरापाल अस्पताल, जगदलपुर भेजा गया, जबकि अनुराग शर्मा को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के अस्पताल में रेफर किया गया।
स्टेशन हाउस ऑफिसर हर्षवर्धन वर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एसयूवी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर हादसे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि भानपुरी के समीप उनके काफिले का सुरक्षा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें जवान घायल हुए। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने और उनके बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए जाने की जानकारी दी। मंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।




