सड़क पर राइफल लेकर घूम रहा शख्स कुत्ते को बना रहा निशाना
बेजुबानों के खिलाफ हिंसा की घटना से भड़के पशु प्रेमी

रांची/एजेंसी। झारखंड की रांची में खुलेआम राइफल लेकर घूम रहे एक शख्स ने सड़क पर एक कुत्ते को गोली मार दी। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस को इसकी जानकारी मिली है और वे कार्रवाई कर रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आदमी सड़क पर घूम रहा है और कुत्ते को गोली मार रहा है। यह घटना टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस उस आदमी को ढूंढ रही है जिसने कुत्ते को गोली मारी। कुछ लोगों का कहना है कि कुत्ता पागल हो गया था और उसने कई लोगों को काटा था।
पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि असल में क्या हुआ था। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस उस आदमी को ढूंढ रही है जिसने गोली चलाई थी। बताया जा रहा है कि पहले नगर निगम को भी इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इसलिए स्थानीय लोगों ने कुत्ते को गोली मार दी। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
टाटीसिल्वे थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने कहा कि राइफल लेकर सड़क पर घूम रहे व्यक्ति की तलाश की जा रही है. जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद कई सवाल उठ रहे हैं. क्या पागल जानवर को गोली मार देनी चाहिए? पशु प्रेमियों में इस बात को लेकर गुस्सा है। वे व्हाट्सएप ग्रुप में वीडियो डालकर गोली चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




