फेसबुक पर जिस ‘राजन’ को दिल दे बैठी हिन्दू युवती, वो निकला ‘मुकीम’,3 महीने कमरे में रखा कैद

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुशीनगर की रहने वाली किशोरी की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से देवरिया के युवक के साथ हुई और धीरे धीरे दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवक ने शादी का झांसा देकर उसे अपने पास बुलाया और एक कमरे में बंधक बना कर रखा। परिजन ने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी, लेकिन कोई कार्रवाई होता ना देख थक हार कर गोरखपुर में डीआईजी से शिकायत दर्ज कराने के बाद मामला गोरखपुर ट्रांसफर हुआ और जांच शुरू हुई। पुलिस की तेजी और सतर्कता से किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी की दोस्ती देवरिया के गौरी बाजार के रहने वाले एक युवक से हुई दोनों का प्रेम प्रसंग बढ़ा और युवक ने उसे शादी का झांसा देकर देवरिया बुला लिया और बहन के सहयोग से उसे एक कमरे में 3 महीने तक कैद कर रखा। पीड़िता के परिजन का आरोप है कि काफी दिनों की तलाश के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो इसकी सूचना हाटा थाने को दी गई।
हालांकि पिछले तीन महीने से कोई कार्रवाई होता ना देख 12 मई को गोरखपुर में डीआईजी से मुलाकात कर सारी बात बताई गई। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए तुरंत केस को गोरखपुर ट्रांसफर कराया और इसकी जांच कैंट सीओ अंशिका वर्मा को सौंपी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो दिन में ही लड़की को बरामद कर आरोपी युवक राजन उर्फ़ मुकीम सहित उसकी बड़ी बहन को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुकीम नामक आरोपी युवक द्वारा फेसबुक पर हिंदू बन राजन नाम से आईडी बनाई और फिर किशोरी के साथ प्रेम प्रसंग बढ़ाया। विवाह करने के नाम पर 22 फरवरी 2024 को उसे देवरिया बुलाया और बहन के सहयोग से धोखे से तीन माह तक कमरे में कैद कर रखा। बताया जा रहा है आरोपी की बहन भी गोरखपुर में हिंदू बनकर रहती है। आसपास पड़ोस के घरों में चौका बर्तन कर जीविका चलती है और साथ ही देह व्यापार के धंधे में लिप्त है। पुलिस दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सीओ कैंट का कहना है कि उसकी बड़ी बहन मरजीना भी नेहा बनकर गोरखपुर में रहती है और देह व्यापार के धंधे में लिप्त हैं। मुकीम के नाबालिक होने की जांच कराई जा रही है उसका अपराध गंभीर है। जांच में पता चला है कि इसके पहले भी वह इस तरह के कई काम कर चुका हैं। पूर्व में एक और लड़की को हिंदू बन अपने जाल में फंसा चुका है। जांच के उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।




