मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने एफआईआर में केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार को आरोपी बनाया है। अधिकारियों ने बताया कि यह प्राथमिकी महिलाओं के खिलाफ हिंसा के अपराध से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत दर्ज की गई। मालीवाल की ओर से कई पन्नों की शिकायत दर्ज कराने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।इससे पहले स्वाति मालीवाल के साथ हुई मारपीट मामले में पुलिस ने मालीवाल का बयान दर्ज किया था। दिल्ली पुलिस की दो सदस्यीय टीम ने मालीवाल के आवास पर उनका बयान दर्ज किया। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मालीवाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई घटना के बारे में पुलिस को बताया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) पी एस कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम चार घंटे से अधिक समय तक मालीवाल के आवास पर रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मालीवाल सोमवार सुबह सिविल लाइन्स थाने पहुंची थीं और उन्होंने आरोप लगाया था कि केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य ने मुख्यमंत्री आवास पर उनके साथ बदसलूकी की थी।
भाजपा दिल्ली इकाई की महिला मोर्चा ने आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल को समर्थन देते हुए गुरुवार को कहा कि यह घटना देश की महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। प्रदेश भाजपा की महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं ‘आप’ की पूर्व नेता ऋचा पांडे मिश्रा ने मालीवाल को लिखे पत्र में उनसे आग्रह किया कि वह दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस से संपर्क करें। मालीवाल ने सोमवार सुबह उनके साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर हुई ‘बदसलूकी’ की घटना के संबंध में बृहस्पतिवार को पुलिस के सामने बयान दर्ज कराया। मिश्रा ने पत्र में कहा, ‘ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है।’ पत्र में ‘आप’ नेता को दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button