सीमा हैदर के घर पर शख्स ने किया हमला, सीमा का गला दबाया, थप्पड़ मारे
गुजरात का रहने वाला बताया जा रहा हमले का आरोपी

ग्रेटर नोएडा। पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से तनाव बढ़ गया है। पड़ोसी मुल्क से अपने पति को छोड़कर आई सीमा हैदर भी सुर्खियों में हैं। ग्रेटर नोएडा से सटे रबूपुरा में प्रेमी सचिन मीणा से शादी करके रह रहीं सीमा के घर में देर शाम एक अंजान शख्स घुस आया और जानलेवा हमले की कोशिश की। सीमा हैदर के शोर मचाने पर परिजन और पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसने काला जादू किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक इस वारदात में शामिल आरोपी गुजरात से बस पकड़कर यहां तक आया। जब वह सीमा हैदर के घर पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला। उसने दरवाजे पर लात मारी, जिसके बाद सीमा ने गेट खोला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने सीमा का गला दबाने और थप्पड़ मारने की कोशिश भी की। इस बीच हल्ला और शोर मचाने पर लोग वहां इकट्ठा हो गए।पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। सीमा हैदर के घर में एक संदिग्ध युवक के घुसने की सूचना मिलने पर रबूपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान गुजरात के सुरेंद्र नगर निवासी तेजस के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक मानसिक रोगी लग रहा है। उसका कहना है कि सीमा हैदर ने उस पर काला जादू करवा रखा है।
सीमा पर जानलेवा हमले के बाद उनके वकील एपी सिंह ने वीडियो जारी की है। इसमें एपी सिंह ने कहा कि शनिवार को सीमा सचिन मीणा के घर रबूपुरा में जो घटना घटित हुई हो सकता है इसमें कोई साजिश हो असामाजिक तत्वों की क्योंकि लगातार जिस तरह से सोशल मीडिया या कहे उसे सोशल भेड़िया बनाया जा रहा है उस तरह से उसका भी कुछ प्रभाव हो रहा हो, हो सकता है। लेकिन मंद बुद्धि का होना व्यक्ति का गुजरात से चलकर दिल्ली होते हुए रबूपुरा के घर गली मौहल्ला तक पहुंचना ये मंद बुद्धि का तो परिचायक नही है। लेकिन जो भी घटना हुई उसकी यूपी पुलिस जांच कर रही है। सघनता और गहनता से जांच कर रही है।




