गाजियाबाद में पहले खींचा फोन और जब नहीं मिला तो ऑटो से गिराया, बीटेक छात्रा की हालत नाजुक

- एबीइएस कॉलेज से घर जा रही थी बीटेक की युवती
- मोबाइल लूट का विरोध किया तो हाथ पकड़ कर खींचा, सिर के बल सड़क पर गिरी
- गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, मसूरी थाने में दर्ज हुआ केस
गाजियाबाद। ऑटो से घर लौट रही बीटेक छात्रा से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने हाथ खींचकर उसे ऑटो से गिरा दिया और वह कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटती गई। सिर के बल गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। एनएच-9 पर हाईटेक इंस्टिट्यूट के पास यह घटना हुई।
ऑटो चालक और छात्रा की दोस्त घायल अवस्था में उसे हापुड़ के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गाजियाबाद के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि घायल छात्रा का नाम कीर्ति (19) है। वह हापुड़ की रहने वाली है। भाई अंकित की शिकायत पर केस दर्ज कर बदमाश को मुठभेड़ में अरेस्ट कर लिया है। आरोपी का नाम बलवीर है। उसके साथी जीतू की तलाश की जा रही है।
मोबाइल नहीं छोड़ा तो हाथ खींचकर गिरा दिया
हापुड़ के रहने वाले रविंद्र रेलवे में लोको पायलट हैं। उन्होंने बताया कि करीब 1 महीने पहले कीर्ति का गाजियाबाद के ABES कॉलेज में बीटेक कंप्यूटर साइंस में एडमिशन हुआ था। वह शुक्रवार को अपनी दोस्त दीक्षा के साथ ऑटो में बैठकर घर की तरफ जा रही थी। हाईटेक कॉलेज के पास बाइक पर 2 बदमाश आए और कीर्ति के हाथ से मोबाइल खींचने का प्रयास किया, लेकिन उसने मोबाइल को नहीं छोड़ा। इस दौरान बदमाश ने मोबाइल के साथ कीर्ति का हाथ पकड़ कर बाहर की तरफ खींच दिया, जिससे वह चलते ऑटो से सिर के बल गिर गई।




