‘सम्राट पृथ्वीराज’ पिटने के बाद अक्षय अब इंडियन एयरफोर्स पर बनाएंगे फिल्म

अक्षय कुमार की हाल ही रिलीज हुई फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ का बुरा हाल रहा है। 200 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म रिलीज के 17 दिनों के अंदर सिर्फ 67.52 करोड़ रुपये ही कमा पाई है। हालांकि इससे अक्षय कुमार निराश नहीं हुए हैं। इस फिल्म की असफलता पर दुख मनाने के बजाय वह अब आगे की प्लानिंग में जुट गए हैं। इसी प्लानिंग के तहत अक्षय कुमार जहां अपनी अगली फिल्म ‘रक्षा बंधन’ का ट्रेलर रिलीज कर रहे हैं, वहीं एक और फिल्म की चर्चा शुरू हो गई है। अक्षय अब इंडियन एयरफोर्स पर फिल्म बनाएंगे, जिसके लिए उन्होंने दिनेश विजन से हाथ मिलाया है। और उसकी जीत पर आधारित होगी। फिल्म की शूटिंग 2023 में शुरू होगी। मेकर्स इसे 2024 में रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार इस फिल्म में एयर फोर्स अफसर के रोल में नजर आएंगे। इससे पहले अक्षय कुमार ने फिल्म ‘रुस्तम’ में एक एयरफोर्स अफसर का रोल प्ले किया था। जहां अक्षय इस फिल्म के लिए एकदम कन्फर्म हैं, वहीं बाकी कास्टिंग आने वाले कुछ वक्त में तय की जाएगी।
यह एक ऐक्शन-थ्रिलर फिल्म होगी। शूट्स की डेट जल्द ही तय की जाएंगी। तब तक अक्षय कुमार अपनी अन्य फिल्मों की शूटिंग पूरी करेंगे। बता दें कि अभी अक्षय के पास कम से कम 6 फिल्में हैं, जिनमें ‘रक्षा बंधन’, ‘राम सेतु’, ‘मिशन सिंड्रेला’, ‘ओएमजी 2- ओह माय गॉड 2’, ‘सेल्फी’ और एक तमिल फिल्म सोरारई पोट्रु का हिंदी रीमेक है। अक्षय की जहां 5 फिल्में पोस्ट-प्रोडक्शन में हैं, वहीं तमिल रीमेक की शूटिंग जारी है।
बात करें अक्षय की पिछले एक साल में रिलीज हुई फिल्मों की तो उनमें सिर्फ ‘सूर्यवंशी’ हिट रही। इसके बाद आई ‘अतरंगी रे’ और ‘बच्चन पांडे’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। ‘सूर्यवंशी’ से पहले ‘बेल बॉटम’ और ‘लक्ष्मी’ का भी हाल बुरा रहा था। वहीं बात करें ‘रक्षा बंधन’ की तो इसका ट्रेलर 21 जून को आएगा। फिल्म में अक्षय कुमार के ऑपोजिट भूमि पेडनेकर नजर आएंगी।




