संकल्प की सिद्धि कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया संबोधित

लखनऊ/एजेंसी। हमारा अन्नदाता किसान जब आपस में मिलता है तो राम-राम कहता है। आज अयोध्या में रामलला भी आ गए हैं और प्रदेश के अपराधियों का राम नाम सत्य भी हो गया है। उत्तर प्रदेश में सभी कार्य श्रीराम का नाम लेकर चल रहा है, इसलिए किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि ये डबल इंजन की सरकार है। ये वही उत्तर प्रदेश है जहां 2017 से पहले न किसान सुरक्षित था, न उसकी फसल, न बिजली थी, न किसान का सम्मान, न बीज मिलता था और न खाद और पानी। मगर आज मोदी जी के नेतृत्व में सरकार आपके हितों की पूरी चिंता करने के लिए हरदम तैयार बैठी है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कृषकों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराए जाने के उपलक्ष्य में ‘संकल्प की सिद्धि’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए किसानों और किसान यूनियन के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन देश की आबादी के सबसे बड़े राज्य के अन्नदाता किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। जब डबल इंजन की सरकार पीएम के विजन को धरातल पर उतारने के लिए कृषक बिल माफी के इस कार्यक्रम को मूर्त रूप देने जा रही है। इसके लिए प्रदेश के सभी अन्नदाताओं का हृदय से अभिनंदन और बधाई। उन्होंने कहा कि आज यहां प्रदेश के वित्तमंत्री, कृषि मंत्री, ऊर्जा मंत्री, मुख्य सचिव, बिजली विभाग के अधिकारी, किसान यूनियन के नेता सभी मौजूद हैं। ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 14 लाख 78 हजार 591 किसानों के पास निजी नलकूप हैं। इसमें से 13 लाख 48 हजार 93 निजी नलकूप 10 हॉर्स पॉवर या उससे नीचे के हैं। 1 लाख 28 हजार 944 नलकूप ऐसे हैं जो 10 से 15 हॉर्स पावर क्षमता वाले हैं। इसी प्रकार 8 हजार 923 ऐसे नलकूप हैं जो 15 हॉर्स पॉवर से ऊपर की क्षमता के हैं। इन सभी को बिल माफी योजना के साथ जोड़ा जा रहा है। हम इसे 1 अप्रैल 2023 से ही लागू किया है। इसके लिए सरकार ने गत वर्ष 1500 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई है और इस बार 2400 करोड़ की व्यवस्था की गई है। हमने हमारे अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापति करते हुए, जो वादा किया था वो आज पूरा करके दिखाया है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री द्वय ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विद्युत मंत्री एके शर्मा, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेन्द्र तोमर, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव विद्युत विभाग महेश कुमार गुप्ता, बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में आए प्रदेशभर के अन्नदाता एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।




