दिल्‍ली चिड़ियाघर में घूम रहे पति की हार्ट अटैक से गई जान, सदमे में पत्‍नी ने सातवीं मंजिल से नीचे कूदकर दे दी जान

गाजियाबाद। दिल्‍ली से सटे गाजियाबाद में एक दुखद खबर सामने आई है। वैशाली इलाके में पति की हार्ट अटैक से मौत हो गई तो पत्‍नी सदमा बर्दाश्‍त नहीं कर पाई। उसने अपने अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से नीचे कूदकर जान दे दी। कुछ ही घंटे के भीतर जब घर से दो लाशें निकलीं तो चीख पुकार मच गई। पूरे मोहल्‍ले के लोगों की वहां भीड़ लग गई। महिला अपने पति के साथ दिल्‍ली में चिड़ियाघर घूमने गई थी। वहीं पर पति को हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई। पति का शव देख महिला ने आत्‍मघाती कदम उठा लिया।
वैशाली चौकी सेक्‍टर 3 एलकॉन अपार्टमेंट में रहने वाले 25 वर्षीय अभिषेक आहुवालिया और 22 साल की अंजलि की शादी बीते साल 25 नवंबर को ही हुई थी। सोमवार को दोनों ने दिल्‍ली चिड़ियाघर घूमने का प्‍लान बनाया। वहां घूमते समय अचानक अभिषेक के सीने में दर्द होने लगा। उसकी हालत देखकर अंजलि ने अपने कुछ रिश्‍तेदारों को फोन किया और उसे गुरु तेग बहादुर अस्‍पताल में भर्ती करवाया। वहां से अभिषेक को सफदरजंग अस्‍पताल में रिफर कर दिया गया। डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अभिषेक का शव सोमवार रात वैशाली स्थित घर लाया गया। पति की मौत के बाद से गुमसुम चल रही अंजलि ने मंगलवार को अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल की बॉलकनी से नीचे छलांग लगा दी। अंजलि को मैक्‍स अस्‍पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद उसे दिल्‍ली के सफदरजंग अस्‍पताल रिफर किया गया पर डॉक्‍टर बचा नहीं सके। अंजलि मूलरूप से दिल्‍ली के करावलनगर की रहने वाली थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button