हरियाणा के सोनीपत में दिखी एकता की अनोखी मिसाल, श्रीराम की शोभायात्रा पर मुस्लिम समाज ने बरसाए फूल

सोनीपत/हरियाणा। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। रामोत्सव को लेकर हरियाणा में भी उल्लास है। हर जगह भगवान श्रीराम की शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को सोनीपत में भी शोभायात्रा निकाली गई। इसमें आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा का छोटू राम चौक पर पहुंचने पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जोरदार स्वागत किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस विवाद को खत्म कर दिया है। हम इसका स्वागत करते हैं। अब इस देश में सौहार्द और भाईचारा बढ़ेगा।
शोभायात्रा में शामिल भक्त रामभजनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। हर कोई रामोत्सव के उल्लास में सराबोर दिखाई दिया। जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। समें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। हाथ में राम पताका थामे महिलाएं जय श्रीराम के नारे लगाते हुए चल रही थीं। लोगों ने पुष्प बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने फूल बरसाकर रामदूत शोभायात्रा का स्वागत किया।
सोनीपत गोहाना रोड स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर से ये शोभायात्रा शुरू हुई। श्री राम शोभा यात्रा पूरे शहर भर के अलग-अलग इलाकों से निकाली गई। इसका नेतृत्व हरियाणा की पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन और मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज पूरे देश में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है। हम पूरे देशवासियों को इसके लिए बधाई देते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button