बुलंदशहर में 15 साल की लड़की से छेड़खानी, पुलिस से बचकर भागते समय टूटा मनचले का हाथ

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर योगी सरकार लगातार सख्त रवैया अपना रही है। बावजूद इसके मनचलों का खौफ कम नहीं हो रहा है। ताजा मामला बुलंदशहर का है। यहां बाइक पर सवार 47 साल के व्यक्ति ने पैदल जा रही 15 साल की लड़की से सरे राह अभद्रता कर दी। किशोरी ने इसका विरोध किया तो वह मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जिसके आधार पर पुलिस ने मनचले को ढूंढ निकाला। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जब पकड़ने टीम गई थी, उस दौरान वह भागने की कोशिश करने लगा। धक्कामुक्की में गिरकर उसका हाथ टूट गया है।
यह मामला खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र का है परिवार के मुताबिक, उनकी बेटी ट्यूशन पढ़कर वापस घर आ रही थी। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी पीछे से आता है और आगे से बाइक मोड़कर छात्रा की तरफ जाता और छेड़छाड़ कर भाग जाता है। आरोपी की पहचान मुरसलीन के रूप में हुई है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने सिर्फ एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अंबेडकरनगर में मनचलों की वजह से गई थी लड़की की जान
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छेड़खानी की घटनाओं पर पुलिस को जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का आदेश दिया है। कुछ दिन पहले अंबेडकरनगर में मनचलों ने बाइक पर पीछे बैठी लड़की का दुपट्टा खींच लिया था। दुपट्टे के साथ लड़की भी नीचे जमीन पर आ गिरी थी। सिर पर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद योगी ने अंबेडकरनगर के पुलिस अफसरों की जमकर खिंचाई की थी।




