गोरखपुर में टीका लगाते ही दो मासूमों की मौत, तीसरे की हालत नाजुक, सरकारी डॉक्टर चला रहा था प्राइवेट अस्पताल

गोरखपुर,(उत्तर प्रदेश)। गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में टीका लगाने से दो मासूमों की जान चली गई। जिस टीके से मासूमों की जान बचाई जाती है, डॉक्टर की लापरवाही से उसी टीके से मासूमों की चली गई। जान जाने का मामला गोरखपुर के ग्रीनलैंड हॉस्पिटल से सामने आया है, जिसमें तीन मासूमों को टीका लगाया गया था। टीका लगाते ही मासूमों का शरीर नीला पड़ गया। 2 की जान चली गई और तीसरे की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
गोरखपुर के गगहा के रहने वाले सौरभ कुमार राय ने अपने 7 दिन के मासूम को 5 मार्च को गोरखपुर के ग्रीनलैंड हॉस्पिटल में टीका लगवाया था। सौरव का कहना है कि टीका लगाते ही उनके बच्चे का शरीर नीला पड़ गया और तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजन मासूम को एंबुलेंस से लेकर गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां बाल रोग विभाग में मासूम को भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ही मासूम की मौत हो गई।

पूरी घटना के बाद सौरभ ने गोरखपुर के चिलुआताल थाने में डॉक्टर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन घटना के 5 दिन के बाद भी इस मामले में केस नहीं दर्ज किया गया। जब सौरभ मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गए और शुक्रवार को डीएम कार्यालय पर पहुंचकर धरना दिया, तब जाकर शनिवार को इस मामले में गैर इरादतन हत्या की FIR दर्ज की गई।
गोरखपुर शाहपुर इलाके के बशारतपुर के रहने वाले शिशांत चार्ल्स ने भी पुलिस को डॉक्टर और ग्रीनलैंड हॉस्पिटल के खिलाफ तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। इनका भी कहना है कि 5 मार्च की सुबह उनकी पत्नी ने ग्रीनलैंड हॉस्पिटल में एक मासूम को जन्म दिया था। शाम को हॉस्पिटल में मासूम को टीका लगाया, जिसके बाद उसकी भी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ता देख डॉक्टर सुधीर गुप्ता ने मासूम को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां मासूम को भर्ती कराया गया। वहां मासूम का इलाज चल रहा था, तभी रविवार को मासूम ने दम तोड़ दिया। जिस अस्पताल में दो मासूमों की मौत हुई, उसका नाम ग्रीनलैंड अस्पताल है। यह अस्पताल गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज के गायनी विभाग के डॉक्टर सुधीर गुप्ता का है। सुधीर गुप्ता ने अस्पताल का रजिस्ट्रेशन अपने भाई डॉ. डीके गुप्ता के नाम पर करा रखा है। हालांकि, सुधीर गुप्ता भी यहां प्राइवेट प्रैक्टिस करते थे। दोनों मृत बच्चों की डिलीवरी भी डॉक्टर सुधीर गुप्ता ने कराई थी। वहीं, मृत मासूमों के पिता ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया गया है।

गोरखपुर के सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया अभी तक जो भी जांच हुई है, उसमें पाया गया कि अस्पताल की लापरवाही से दो मासूमों की मौत हुई है। वहीं, रविवार रात करीब 9 बजे ग्रीनलैंड हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। पूरे मामले में एक कमेटी बनाई गई है, जो जांच कर रही है। जांच की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर सुधीर गुप्ता के प्राइवेट प्रैक्टिस करने की भी जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button