चीन के सिचुआन प्रांत में 6.8 तीव्रता का भूकंप जिसमें हुई 21 लोगों की मौत

बीजिंग,(एजेंसी)।  चीन के दक्षिण पश्चिमी सिचुआन प्रांत की लुडिंग काउंटी में सोमवार को 6.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गयी। यह प्रांत पहले ही कोविड-19 के बढ़ते मामलों और अभूतपूर्व सूखे की समस्या से जूझ रहा है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के हवाले से बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर आया और भूकंप का केंद्र 29.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश तथा 102.08 डिग्री पूर्वी देशांतर पर, जमीन से 16 किलोमीटर की गहरायी में स्थित था।

भूकंप का केंद्र लुडिंग काउंटी से 39 किलोमीटर दूर स्थित था और भूकंप के केंद्र के पांच किलोमीटर के दायरे में कई गांव आते हैं। भूकंप के झटके सिचुआन प्रांत की राजधानी चेंगदु में भी महसूस किए गए, जो भूकंप के केंद्र से 226 किलोमीटर दूर स्थित है। चीन के सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में चेंगदु में इमारतों को हिलते हुए देखा जा सकता है। अभी किसी इमारत को नुकसान पहुंचने की जानकारी नहीं है। सिचुआन प्रांत तिब्बत के पड़ोस में स्थित है और भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है।

इस प्रांत में 2008 में 8.2 की तीव्रता वाला विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें करीब 69,000 लोगों की मौत हो गयी थी। प्रांत में 2013 में सात की तीव्रता के भूकंप में 200 लोगों की जान चली गयी थी। चेंगदु में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण लॉकडाउन लगा हुआ है। निवासियों को घरों में रहने के लिए कहा गया है और हर घर से केवल एक व्यक्ति कोप्रतिदिन आवश्यक सामान खरीदने के लिए बाहर निकलने की अनुमति है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button