गाजियाबाद पुलिस की करतूत, महिला से ढाई लाख की लूट को एफआईआर में लिखा चोरी

गाजियाबाद। कमिश्नरेट बनने के बाद भी गाजियाबाद में पुलिसकर्मी लूट को चोरी में दर्ज करने की आदत नहीं छोड़ पा रहे। गाजियाबाद जंक्शन से बाहर आई महिला का बाइक सवार बदमाश पर्स लूट ले गया। इसमें 2.55 लाख रुपये, गहने और कई दस्तावेज रखे थे। 31 मई की घटना में पुलिस ने पहली तहरीर खो जाने का हवाला दिया और दोबारा चोरी की तहरीर लिखवाकर रिपोर्ट दर्ज कर ली। मेरठ के जागृति विहार की मीनू गोस्वामी ने बताया कि वह बेटी की शादी तय करने के लिए लखनऊ गई थीं।
रात को गाजियाबाद जंक्शन पहुंची महिला
लौटते समय 31 मई को स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस से रात के समय गाजियाबाद जंक्शन पहुंची थीं। छोटा बेटा उन्हें लेने आया था। वह फुट ओवर ब्रिज से उतरकर बाहर की ओर आई ही थीं कि स्प्लेंडर बाइक सवार एक बदमाश आया और पर्स लूटकर भाग गया।बेटे ने पीछा किया और इसके बाद गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों को सूचना दी। उन्होंने भी बाइक दौड़ाई, लेकिन बदमाश का पता नहीं चल पाया। मीनू ने बताया कि वह लूट की तहरीर देकर घर आ गई थीं।
मीडिया के जरिए मिली जानकारी
इसके बाद उन्हें फोन आया कि आपकी शिकायत खो गई है। दोबारा पुलिसकर्मियों ने उनसे खुद ही बोलकर तहरीर लिखवाई। मीनू का कहना है कि मीडिया के जरिए ही उन्हें चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बारे में पता चला। एसीपी कोतवाली सलोनी अग्रवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर ही रिपोर्ट दर्ज होती है। बयान के आधार पर मामले को लूट में तरमीम करेंगे। नगर कोतवाली पुलिस को निर्देश दिया है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाश की गिरफ्तारी करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button