फतेहपुर में मकबरा बनाम मंदिर विवाद मामले में जिला पंचायत सदस्य और सभासद समेत 160 पर मुकदमा दर्ज

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में मकबरे में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ लोक संपत्ति अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य और सभासद सहित 10 नामजद और 150 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। पुलिस अब इस अति संवेदनशील घटना को देखते हुए आरोपियों को चिह्नित कर तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर रेडय्या में करीब 200 वर्ष पुराना नवाब अब्दुल समद नामक मकबरा बना हुआ है। सोमवार की सुबह बीजेपी जिलाध्यक्ष (फतेहपुर) मुखलाल पाल के नेतृत्व में हिंदू संगठनों के साथ सैकड़ों सनातनी पूजा-अर्चना करने मकबरा पहुंचे। हालांकि, जिला प्रशासन मामले का संज्ञान लेते हुए मकबरे के 100 मीटर के इर्द-गिर्द बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस और पीएसी के जवान निगरानी करने के लिए मुश्तैद रहे, लेकिन सैकड़ों की तादाद में हिंदूवादी संगठन के लोग बैरिकेडिंग तोड़कर मकबरा के ऊपर चढ़कर भगवा झंडा फहरा दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने मकबरे में तो तोड़फोड़ की।
साथ ही अंदर बनी मजारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मकबरे में अराजकतत्वों द्वारा तोड़फोड़ की जानकारी पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। मौके पर तैनात पुलिस और पीएसी ने अतिरिक्त बल का प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ कर हालात काबू किया। फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है। मकबरे से लेकर शहर में भारी पुलिस फोर्स तैनात है। फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।
वहीं, जिला प्रशासन ने सभी लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। इस संवेदनशील मामले में अबू नगर के चौकी प्रभारी एसआई विनीत कुमार उपाध्याय ने सदर कोतवाली में दी गई तहरीर में अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी जिला पंचायत सदस्य, अभिषेक शुक्ला, धर्मेंद्र सिंह जनसेवक, आशीष त्रिवेदी, पप्पू सिंह चौहान, प्रसून तिवारी, सभासद ऋतिक पाल, सभासद विनय तिवारी, सभासद पुष्पराज पटेल, देवनाथ धाकड़े सहित 10 नामजद समेत 150 लोगों पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कराया है।
एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में 10 नामजद सहित 150 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अज्ञात आरोपियों को चिह्नित कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।




