भाजपा मंगलवार को झारखंड सचिवालय का करेगी घेराव

रांची,(एजेंसी)। झारखंड के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की कथित तौर पर ‘बेरोजगारी और भ्रष्टाचार’ के मोर्चे पर नाकामी और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मंगलवार को झारखंड सचिवालय का घेराव करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सोमवार को कहा कि पूरे राज्य से पार्टी के हजारों कार्यकर्ता रांची के प्रभात तारा मैदान में एकत्र होंगे और पूर्वाह्न 11 बजे राज्य सचिवालय की इमारत की ओर मार्च करेंगे। वहीं, सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को ‘राजनीतिक हथकंडा’ करार दिया है।

एक अधिकारी ने बताया कि रांची प्रशासन ने कानून व्यवस्था को बनाए रखने और वाहनों की आवाजाही को सुचारु रखनेके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है और रणनीतिक रूप से अहम स्थानों पर अवरोधक लगाए गए हैं।’’ प्रकाश ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘ प्रशासन द्वारा भाजपा के कार्यकर्ताओं को कई जगहों पर रोका जा रहा है, इसके बावजूद यह अबतक का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा।’’ भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी ने विरोध प्रदर्शन के लिए राज्य सचिवालय को चुना है क्योंकि उक्त स्थान पर मुख्यमंत्री बैठक कर ‘गलत फैसले करते हैं और नौकरशाह उनका पालन करते हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि झारखंड में बेरोजगारी दर 14.3 प्रतिशत है जो राष्ट्रीय औसत 7.20 प्रतिशत से दोगुना है। प्रकाश ने दावा किया कि झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की गठबंधन सरकार ने चुनाव घोषणापत्र मेंहर साल पांच लाख नौकरी देने का वादा किया था लेकिन अबतक महज 537 नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि 3.27 लाख सरकारी पद खाली हैं लेकिन हेमंत सोरेन सरकार की मंशा इन रिक्तियों को भर राज्य के युवाओं को रोजगार देने का नहीं है जो रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि नियुक्तियों में विपक्ष द्वारा बाधा उत्पन्न करने से देरी हुई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। हां यह बात जरूर है कि इसमें विलंब हुआ। हमारे विपक्ष के साथियों की झारखंड विरोधी सोच और उनके द्वारा पैदा की जा रही अड़चनों की वजह से इसमें थोड़ी दिक्कतें आई लेकिन नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। हमारे राज्य के कर्मठ और परिश्रमी युवाओं के लिए रास्ते खुल गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button