कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अब ‘शहीद कप्तान सुनील कुमार चौधरी’ के नाम पर

जम्मू-कश्मीर के कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम अब आधिकारिक तौर पर 'शहीद कप्तान सुनील कुमार चौधरी कठुआ' कर दिया गया है।

कठुआ/जम्मू। देश के वीर जवानों के बलिदान को सम्मान देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम अब आधिकारिक तौर पर बदलकर ‘शहीद कप्तान सुनील कुमार चौधरी कठुआ’ कर दिया गया है। रेल मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए स्टेशन का नया कोड एमएसकेटी निर्धारित किया है।
यह निर्णय उन सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से लिया गया है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से स्टेशन का नाम शहीद कप्तान सुनील चौधरी के नाम पर रखने की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
शहीद कप्तान सुनील कुमार चौधरी का जन्म 22 जून 1980 को कठुआ के निकट गोविंदसर गांव में एक सैन्य परिवार में हुआ था। वे लेफ्टिनेंट कर्नल पीएल चौधरी और सत्या चौधरी के पुत्र थे। 10 दिसंबर 2004 को उन्हें 11 गोरखा राइफल्स की 7/11 बटालियन में कमीशन मिला और उनकी पहली तैनाती कोलकाता स्थित फोर्ट विलियम में हुई।
26 जनवरी 2008 को असम के तिनसुकिया जिले के नाओपाथर गांव में यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम के आतंकियों के खिलाफ अभियान के दौरान उनकी वीरता के लिए उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया। अगले ही दिन 27 जनवरी 2008 को आतंकियों के खिलाफ एक अन्य ऑपरेशन में वह लेफ्टिनेंट वरुण राठौर और अन्य जवानों के साथ निकले, जहां वीरता से लड़ते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उधमपुर रेलवे स्टेशन का नाम भी शहीद कप्तान तुषार महाजन के नाम पर रखा जा चुका है। अब कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम बदलने से क्षेत्र में गौरव और सम्मान की भावना और मजबूत हुई है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button