रामनवमी पर हिंदू-मुस्लिम भाई भाई, जय श्रीराम के नारों पर बरसाए फूल

जैसलमेर,(राजस्थान)। रामनवमी के अवसर पर आज स्वर्ण नगरी जैसलमेर श्रीराम के रंग में रंगी दिखी। जहां हजारों की संख्या में राम भक्त जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए शहर के मुख्य मार्गो से होकर गुजरे तो जयकारों से शहर गुंजायमान हो उठा। शहर के गड़ीसर चौराहा से शोभायात्रा रवाना हो आसानी रोड, गोपा चौक, सदर बाजार, गांधी चौक, हनुमान चौराहा होते हुए शहीद पूनम सिंह स्टेडियम पहुंची। इस दौरान शोभायात्रा का जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया।
आपसी सौहार्द व भाईचारे की मिसाल सरहदी जिले जैसलमेर में रामनवमी के दिन आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भावना का संदेश देखने को मिला। इस दौरान रामनवमी की शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजार से होकर गुजरी तो हिंदू मुस्लिम एकता का भी संदेश देखा गया। राम भक्तों ने जहां जय श्रीराम के नारे लगाए वही मुस्लिम समाज ने उन पर जमकर फूल बरसाने के साथ देश -प्रदेश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे,सौहार्द और एकता का संदेश दिया। इस दौरान केसरिया साफा पहने राम भक्त जहां जय श्रीराम के नारे लगाते दिखे। मुस्लिम समाज के लोग अपनी धार्मिक वेशभूषा में राम भक्तों पर फूल बरसाते दिखे।
हजारों लोगों की भीड़ ने त्यौहार को जैसलमेर के लिए यादगार बना दिया। रामनवमी पर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखा और चारों तरफ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता देखी गई। ड्रोन कैमरा से भी शोभायात्रा पर निगरानी रखी गई। हर गली चौराहे पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा देखने को मिली। रामनवमी का त्योहार जैसलमेर में बड़े ही अनोखे तरीके से मनाया गया। आयोजन में हजारों राम भक्तों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान शोभायात्रा में मंगल कलश लिए बालिकाएं और महिलाएं केसरिया पोशाकों में आगे-आगे चली। वही एक हाथी और 101 घोड़ों और 100 से भी ज्यादा मोटरसाइकिल सवार शोभा यात्रा की शोभा में चार चांद लगाते दिखे। वहीं विभिन्न झांकियों में नन्हे-मुन्ने बच्चे भी राम, लक्ष्मण,हनुमान,सीता,भरत आदि के रोल में दिखे। जय श्रीराम के जयकारों के साथ ही भगवाधारी राम भक्त डीजे के गीतों व महाराष्ट्र से आए ढोल ताशो की आवाज पर डांस करते दिखे। भगवान राम के गीतों की धुन पर केसरिया साफा पहने शोभायात्रा का हुजुम शहीद पूनम सिंह स्टेडियम पहुंचा जहां शोभायात्रा का समापन हुआ।
रामनवमी की शोभायात्रा जैसलमेर के इतिहास में यादगार रही। इस दौरान शोभायात्रा में अन्य भी जहां कई कार्यक्रम आकर्षक दिखे । वही शोभायात्रा में जैसलमेर के राजपरिवार के सदस्य नाचना ठाकुर विक्रम सिंह शोभायात्रा पर फूल बरसाते दिखे। राज परिवार के सदस्य विक्रम सिंह केसरिया वेशभूषा में शोभायात्रा पर फूल बरसाते दिखे। राज परिवार के सदस्य की ओर से अपनी प्रजा के प्रति ऐसा प्रेम और राम नवमी की शोभायात्रा में फूल बरसाना लोकतंत्र में भी राजतंत्र का जनता के प्रति प्रेम को दर्शाता है। जिसकी अब हर कोई तारीफ कर रहा है।




